शिक्षा जगत में संवाद, विचार-विमर्श और सकारात्मक बदलाव के उद्देश्य से जयपुर में आयोजित ‘शैक्षिक महासंघ’ के इंटेलेक्चुअल गेट-टुगेदर (IG-02) में उदयपुर की टीम ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में राजस्थान के विभिन्न जिलों से करीब 2000 शिक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी और कार्मिक शामिल हुए। खचाखच भरे सभागार में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं, लंबित मांगों और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर मंथन किया गया।
उदयपुर से तरुण सोमपुरा, दीपक मंत्री और डॉ. वीपी सिंह के नेतृत्व में उप प्राचार्यों की टीम ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार रखे। टीम ने विशेष रूप से उप प्राचार्य पद पर की गई डीपीसी को यथावत रखने सहित शिक्षकों की विभिन्न मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने और सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान उदयपुर के तरुण सोमपुरा का मंच पर सम्मान भी किया गया। उनके सम्मान को उदयपुर से पहुंचे शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को प्रभावी तरीके से सरकार और संबंधित स्तर तक पहुंचाने, कैडर के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा शिक्षा व्यवस्था के हित में रचनात्मक संवाद को मजबूत करने की आवश्यकता है। इस दौरान शिक्षकों ने अपनी मांगों और समस्याओं को संगठित रूप से उठाने का संकल्प भी लिया।
उदयपुर से पहुंची टीम की सक्रिय भागीदारी और तरुण सोमपुरा के सम्मान ने कार्यक्रम में उदयपुर की मौजूदगी को खास बना दिया।
