मुख्य सामग्री पर जाएँ
शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Jaislmer news

तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए निर्देश

मतदान केंद्रों का समयबद्ध भौतिक सत्यापन कर सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करें अधिकारी

WAf𝕏TGin✉🖨
तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए निर्देश

जैसलमेर । पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने मतदान केंद्रों का समयबद्ध भौतिक सत्यापन कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सूचना एवं प्रौद्योगिकी संचार विभाग के वीसी सभागार में आयोजित बैठक में निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं पर संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों एवं विकास अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की गई।

मतदान केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर हों सुनिश्चित जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित किए जाने वाले मतदान केंद्रों का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन करें तथा पेयजल, विद्युत, छाया, शौचालय, फर्नीचर, बाउंड्रीवॉल एवं बैरिकेडिंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के प्रवेश एवं निकास की समुचित व्यवस्था करने के साथ ही ऐसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएं, जिससे मतदान के दौरान किसी भी मतदाता को असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

उन्होंने सभी रिटर्निंग अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्वाचन कार्य के सुचारु संचालन के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए संबंधित प्रकोष्ठ प्रभारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा।

संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतें जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। बैठक में ईवीएम मशीनों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, सुरक्षित भंडारण एवं सुरक्षा प्रबंधों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी जोरवाल ने कहा कि पंचायत आम चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

इसके लिए सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

पर्याप्त पुलिस जाब्ता एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस जाब्ता, होमगार्ड तथा प्रभावी सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

26 अक्टूबर तक भिजवानी होगी कार्मिकों की अद्यतन सूची जिला निर्वाचन अधिकारी जोरवाल ने संबंधित अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक सुधार समय रहते पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन कार्य के लिए गठित विभिन्न प्रकोष्ठों में नियुक्त किए जाने वाले कार्मिकों की अद्यतन सूची तैयार कर 26 अक्टूबर तक कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला आसूचना अधिकारी कार्यालय (विज्ञान भवन), जैसलमेर को अनिवार्य रूप से भिजवाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेंद्र पाल सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद यथार्थ शेखर, विशेषाधिकारी रोहित वर्मा, उपखंड अधिकारी वीरेंद्र सिंह, आयुक्त नगर परिषद पवन कुमार, मुख्य वैज्ञानिक भू-जल डॉ. एन.डी. इणखिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुरलीधर सोनी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरपत सिंह एवं जितेंद्र सिंह सांदू, चुनाव संचालन प्रकोष्ठ के सह-प्रभारी सत्यप्रकाश खत्री, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं विकास अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।