उदयपुर। दीपावली की रोशनी, संगीत की मिठास और अपनों के साथ खुशियों के पल... कुछ ऐसे ही खुशनुमा माहौल में आज, 4 नवंबर को सुरों की मंडली संस्था का दीपावली स्नेह मिलन समारोह आज शाम 6 बजे से अशोका ग्रीन, 100 फीट रोड, शोभागपुरा में आयोजित होगा। कार्यक्रम में सनराइज ग्रुप के चेयरमैन एवं पूर्व राज्यमंत्री हरीश राजानी और प्रख्यात संगीतज्ञ डॉ. प्रेम भंडारी अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
सुरों की मंडली के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि इस समारोह में गीत-संगीत, मनोरंजन और आपसी आत्मीयता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस संगीतमय शाम की सबसे खास बात यह होगी कि यहां मंच पर कोई पेशेवर गायक नहीं, बल्कि संस्था के अपने सदस्य अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे और गीतों की महफिल को यादगार बनाएंगे।
उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल संगीत कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि संगीत के माध्यम से लोगों को जोड़ना, प्रतिभाओं को मंच देना और समाज में प्रेम, सौहार्द एवं अपनत्व की भावना को मजबूत करना है।
दीपावली स्नेह मिलन इसी सोच का एक विशेष आयोजन है, जहां सदस्य अपनी गायन प्रतिभा के साथ एक-दूसरे के साथ त्योहार की खुशियां साझा करेंगे। कार्यक्रम में संगीत के साथ कई मनोरंजक गतिविधियां भी होंगी, जो पूरे आयोजन को उत्साह और उमंग से भर देंगी।
तीस सदस्यों को मिलेगा प्रस्तुति का अवसर, 10 भाग्यशाली सदस्यों को विशेष उपहार मुकेश माधवानी ने बताया कि समारोह में गायन प्रस्तुतियों के लिए कुल 30 सदस्यों को अवसर दिया जाएगा। समारोह का एक और आकर्षण लकी ड्रॉ रहेगा, जिसके माध्यम से 10 भाग्यशाली सदस्यों को विशेष उपहार प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां और विशेष आयोजन भी होंगे, जो दीपावली के इस मिलन समारोह में खुशियों के रंग भरेंगे।
उन्होंने बताया कि संगीत, मस्ती, उपहार और आत्मीय रिश्तों से सजी इस शाम का समापन स्वादिष्ट स्नेह भोज के साथ होगा। सुरों की मंडली की ओर से सभी सदस्यों को समारोह में उत्साहपूर्वक शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है, ताकि हर सदस्य अपनी आवाज, अपने अंदाज और अपनेपन से इस दीपावली की शाम को यादगार बना सके। कार्यक्रम के बाद भव्य आतिशबाजी का भी आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विनायकम ज्वैलर्स (कुलदीप ओमप्रकाश सोनी) सहयोगी रहेंगे। रामा फायर वर्क्स (संजय लालवानी) आतिशबाजी स्पोन्सर के रूप में सहयोगी रहेगा। इनके अलावा रीना राठौड़ के द्वारा सभी गायकों को उपहार दिए जाएंगे। रंजना भाटी की ओर से 10 हजार रुपएऔर सीपी जैन की ओर से 5 हजार रुपए का आर्थिक सहयोग रहेगा। साथ ही, बेस्ट मेल फीमेल के लिए भी उपहार रखा गया है। सभी गायकों को भी उपहार प्रदान किए जाएंगे।
