उदयपुर। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सोमवार को उदयपुर के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहेलियों की बाड़ी में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से कलाकारों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और शहर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम के बारे में पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने बताया कि कलाकारों ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
नुक्कड़ नाटक में करीब 12 कलाकारों ने भाग लिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाए रखने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण के प्रति व्यक्तिगत जिम्मेदारी का संदेश दिया।
नाटक में उदयपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और शहर के विकास के बीच संतुलन बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
इस नाटक के निर्देशन आशुतोष पांडे ने किया है। इस नाटक के माध्यम से उन्होंने बताया कि स्वच्छता केवल घर या आसपास के क्षेत्र तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। जल संरक्षण के संदर्भ में ‘हर बूंद महत्वपूर्ण है’ का संदेश देते हुए झीलों, नदियों और अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
नाटक में स्वास्थ्य जागरूकता को भी प्रमुखता दी गई। योग और स्वस्थ जीवनशैली के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। कलाकारों ने पौधारोपण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा ऐतिहासिक स्मारकों और पर्यटन स्थलों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए दर्शकों को प्रेरित किया।
इस नुक्कड़ नाटक की खासियत यह रही कि इसमें शामिल कलाकार विभिन्न पेशों से जुड़े हैं। टीम में व्यवसायी, विद्यार्थी, अधिवक्ता, चिकित्सक, नर्स, शिक्षक, प्रोफेसर सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोग शामिल हैं, जो अपने पेशे के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
सहेलियों की बाड़ी में आयोजित प्रस्तुति के दौरान कलाकारों ने स्थानीय दर्शकों और पर्यटकों को संवाद एवं अभिनय के माध्यम से पर्यावरण, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम स्वच्छ, स्वस्थ एवं बेहतर भारत के निर्माण में व्यक्तिगत भागीदारी का संदेश देते हुए संपन्न हुआ। बता दें कि इस कार्यक्रम के अगली प्रस्तुति फतह सागर पाल पर कल दिनांक 22/09/2026 को होगी।
इस अवसर पर पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के उपनिदेशक कार्यक्रम पवन अमरावत, सिद्धांत भटनागर, उदय सिंह और मुकुल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सहेलियों की बाड़ी के निरीक्षक मोहन लाल जी का विशेष सहयोग रहा।
