श्रीगंगानगर। निदेशालय महिला अधिकारिता विभाग, राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत बालिका स्वास्थ्य, पोषण जागरूकता एवं एनीमिया रोकथाम के उद्देश्य से 28 से 30 सितम्बर 2026 तक आयोजित विशेष जागरूकता अभियान के तहत किशोरियों एवं महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन के संबंध में जागरूक किया गया।बुधवार को गुरूनानक कन्या महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सुपरवाइजर श्रीमती वैशाली अग्रवाल द्वारा किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सजग रहने के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
साथ ही मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन से संबंधित उपयोगी जानकारी प्रदान की।कार्यक्रम में श्रीमती सुप्रिया बरावड़ द्वारा किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी प्रश्नों के समाधान के लिए आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया तथा बालिकाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने एवं किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।
वन स्टॉप सखी सेंटर से विधिक परामर्शदाता श्रीमती नन्दिनी ने बालिकाओं को केंद्र पर उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं, जैसे चिकित्सीय सहायता, विधिक सहायता, अस्थाई आश्रय एवं पुलिस सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र से सामाजिक परामर्शदाता श्रीमती अमनपाल कौर ने महिलाओं एवं बालिकाओं को मानसिक, शारीरिक, आर्थिक एवं सामाजिक समस्याओं से राहत हेतु केंद्र पर उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के बारे में जानकारी दी।
साथ ही उन्हें करियर काउंसलिंग हेतु केंद्र से परामर्श प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. डी.पी. सिंह एवं महाविद्यालय का अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहा।
