उदयपुर। संगीत की नगरी उदयपुर में सुरों की साधना को निरंतर आगे बढ़ा रही ‘सुरों की मण्डली’ संस्था द्वारा आगामी रविवार, 29 नवम्बर को मधुश्री हॉल, अशोका पैलेस में आयोजित होने वाली विशेष ‘शाम-ए-ग़ज़ल’ को लेकर सुरसाधकों में खासा उत्साह है। कार्यक्रम की तैयारियों के साथ-साथ प्रतिभागी ग़ज़ल गायकी की बारीकियों को सीखने और अपनी प्रस्तुतियों को निखारने में जुटे हैं।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि उदयपुर सहित राजस्थान में अपनी अलग पहचान बना चुके प्रसिद्ध ग़ज़ल एवं संगीत साधक डॉ०प्रेम भण्डारी के मार्गदर्शन में सुरसाधकों के लिए विशेष रिहर्सल सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान डॉ० भण्डारी जी ने प्रतिभागियों को ग़ज़ल गायकी में सुर, स्वर, लय, भाव, उच्चारण और प्रस्तुति के संतुलन के साथ-साथ आवाज़ में मिठास और गहराई लाने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
डॉ०प्रेम भण्डारी ने सुरसाधकों को समझाया कि ग़ज़ल केवल सुरों का मेल नहीं, बल्कि शब्दों में छिपे भावों को आवाज़ के माध्यम से श्रोताओं तक पहुंचाने की कला है। उन्होंने प्रत्येक प्रतिभागी की प्रस्तुति को सुनकर आवश्यक सुझाव दिए और ग़ज़ल के शेरों को भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत करने के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन किया।
मुकेश माधवानी ने बताया कि ‘शाम-ए-ग़ज़ल’ को एक अलग और आकर्षक अंदाज में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में संस्था के रजिस्टर्ड सदस्यों में से चयनित 30 सुरसाधक अपने पसंदीदा ग़ज़ल गायकों की लोकप्रिय ग़ज़लों की प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन में संगीत, सुर और शायरी का खूबसूरत संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम को और रोचक बनाने के लिए सदस्यों एवं श्रोताओं के लिए तीन नकद लकी पुरस्कार भी रखे गए हैं।
कार्यक्रम के संयोजक रमेश दतवानी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले पुरुष प्रतिभागियों के लिए किसी भी रंग का कुर्ता-पायजामा तथा महिला प्रतिभागियों के लिए किसी भी रंग की साड़ी का ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। इससे कार्यक्रम को पारंपरिक एवं ग़ज़ल की खूबसूरत महफिल जैसा स्वरूप मिलेगा।
सह-संयोजिका गीता सिंह राठौड़ ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 29 नवम्बर, रविवार को शाम 3:30 बजे सरस्वती वंदना के साथ होगा। ग़ज़ल के प्रसिद्ध फ़नकारों के विशेष गेटअप में आने वाले प्रतिभागियों में से तीन महिलाओं एवं तीन पुरुषों को चयनित कर मोमेंटो एवं उपरणा पहनाकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे सह-संयोजक महावीर प्रसाद जैन, विजय सिंह राजपूत एवं नीलम पटवा ने बताया कि सभी आगंतुकों का स्वागत भी विशेष एवं आकर्षक अंदाज में किया जाएगा। साथ ही प्रस्तुति देने वाले प्रत्येक सुरसाधक को उनकी प्रस्तुति के दौरान खींची गई फोटोयुक्त प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
रमेश दतवानी ने संगीत प्रेमियों एवं शहरवासियों से अपील की कि वे इस विशेष ‘शाम-ए-ग़ज़ल’ में सहभागी बनकर सुरसाधकों का उत्साहवर्धन करें और ग़ज़ल, संगीत एवं सुरों की इस खूबसूरत महफिल का आनंद लें।
