मुख्य सामग्री पर जाएँ
गुरुवार, 26 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

27 नवंबर को पहली बार मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस, जिले में कल से पूरे सप्ताह चलेगा विशेष अभियान

राजस्थान में हर चौथी युवती का विवाह 18 वर्ष से पहले, बाल विवाह रोकने के लिए जागरूकता के साथ कानूनी कार्रवाई भी जरूरी - डॉ. पंड्या

WAf𝕏TGin✉🖨

उदयपुर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 27 नवंबर 2026 को पहली बार अंतरराष्ट्रीय बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस मनाया जाएगा।

4 सितंबर 2026 को संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा घोषित 17 नवंबर को बाल विवाह की रोकथाम हेतु अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर देशभर में बाल विवाह की रोकथाम के लिए जन जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा, इसी उपलक्ष्य में गायत्री सेवा संस्थान, जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन द्वारा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के मार्गदर्शन में उदयपुर सहित विभिन्न जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे।

इस अवसर पर बाल अधिकार विशेषज्ञ एवं गायत्री सेवा संस्थान के निदेशक डॉ. शैलेंद्र पंड्या ने बताया कि राजस्थान में बाल विवाह आज भी एक गंभीर सामाजिक चुनौती बना हुआ है।

राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) के आंकड़े इस समस्या की गंभीरता को उजागर करते हैं। एनएफएचएस-4 (2015-16) के अनुसार राजस्थान में 20 से 24 वर्ष आयु वर्ग की 35.4 प्रतिशत महिलाओं का विवाह 18 वर्ष की आयु से पहले हो गया था।

एनएफएचएस-5 (2019-21) में यह आंकड़ा घटकर 25.4 प्रतिशत हुआ, जबकि नवीनतम एनएफएचएस-6 (2023-24) के अनुसार इसमें मामूली सुधार के साथ यह आंकड़ा 24.6 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

अर्थात पिछले सर्वेक्षण की तुलना में कमी तो आई है, लेकिन आज भी प्रदेश में लगभग हर चौथी युवती का विवाह बालिग होने से पहले हो रहा है। यह स्थिति बताती है कि बाल विवाह उन्मूलन के लिए अभी भी व्यापक और निरंतर प्रयासों की आवश्यकता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में बाल विवाह की समस्या विशेष रूप से गंभीर है। एनएफएचएस-5 के अनुसार राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में 28.3 प्रतिशत महिलाओं का विवाह 18 वर्ष से पहले हुआ था, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 15.1 प्रतिशत था।

यह अंतर दर्शाता है कि विशेष रूप से ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता, बालिका शिक्षा और कानूनी हस्तक्षेप को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है।

बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के मौलिक अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। इससे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, मानसिक विकास और स्वतंत्र जीवन जीने के अधिकार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

विशेष रूप से बालिकाओं को कम उम्र में विवाह और मातृत्व के कारण अनेक सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि गायत्री सेवा संस्थान विगत कई वर्षों से राजस्थान के जनजातीय एवं ग्रामीण अंचलों में बाल विवाह की रोकथाम के लिए जमीनी स्तर पर निरंतर कार्य कर रहा है।

संस्थान द्वारा समुदाय, ग्राम पंचायतों, अभिभावकों, युवाओं, बाल संसद प्रतिनिधियों एवं स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

साथ ही बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के अंतर्गत आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करवाने के लिए भी सक्रिय पहल की जा रही है। डॉ. पंड्या ने बताया कि संस्थान के निरंतर प्रयासों से अब तक 500 से अधिक बाल विवाह रुकवाए जा चुके हैं।

विशेष उपलब्धि के रूप में उदयपुर, सलूंबर एवं प्रतापगढ़ जिलों में बाल विवाह की रोकथाम के लिए परिवार न्यायालय से पहली बार निषेधाज्ञा जारी करवाने में संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

इससे बाल विवाह की रोकथाम के लिए कानूनी व्यवस्था के प्रभावी उपयोग का एक महत्वपूर्ण उदाहरण सामने आया है।

उन्होंने बताया कि संस्थान केवल बाल विवाह रोकने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे बच्चों को भी सहयोग प्रदान कर रहा है जिनका पूर्व में बाल विवाह हो चुका है और जो इस विवाह बंधन से मुक्त होकर अपना जीवन दोबारा अपनी इच्छा और अधिकारों के अनुरूप जीना चाहते हैं।

ऐसे बच्चों को आवश्यक कानूनी सहायता एवं परामर्श उपलब्ध करवाकर सक्षम न्यायालय के माध्यम से बाल विवाह निरस्तीकरण अथवा विवाह को शून्य घोषित करवाने की कानूनी प्रक्रिया में सहयोग किया जा रहा है।

बच्चे बने बाल विवाह रोकथाम के दूत, बाल संसद ने पेश की मिसाल डॉ. पंड्या ने बताया कि संस्थान द्वारा ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में किशोर-किशोरियों को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उन्हें सामाजिक बदलाव की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से बाल संसद का गठन भी किया गया है।

इन बाल संसदों के माध्यम से बच्चों को उनके अधिकारों, शिक्षा के महत्व, बाल संरक्षण तथा बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति विभिन्न रचनात्मक एवं सहभागी गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है।

इसका सकारात्मक प्रभाव अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है।

उन्होंने बताया कि सलूंबर जिले की चौबीसा ग्राम पंचायत एवं आसपास के गांवों में बाल संसद से जुड़े बच्चों ने स्वयं आगे आकर न केवल बाल विवाह रोकने में सक्रिय भूमिका निभाई, बल्कि विद्यालय छोड़ चुके अपने साथियों को पुनः विद्यालय से जोड़ने का भी सराहनीय प्रयास किया है।

बच्चों की इस पहल से यह साबित हुआ है कि यदि किशोर-किशोरियों को सही मार्गदर्शन, अवसर और नेतृत्व का मंच उपलब्ध कराया जाए तो वे अपने समुदाय में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

संस्थान का प्रयास है कि प्रत्येक गांव में बच्चे केवल बाल अधिकारों के लाभार्थी न रहें, बल्कि बाल अधिकारों की रक्षा करने वाले जागरूक नेतृत्वकर्ता भी बनें।

27 नवंबर को मशाल यात्रा, फिर संचालित होगा जागरूकता रथ डॉ. पंड्या ने बताया कि 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर गायत्री सेवा संस्थान द्वारा जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन (जे.आर.सी) के सहयोग एवं महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दिशा-निर्देशन में जिला प्रशासन के साथ मिलकर राजस्थान एवं गुजरात के विभिन्न जिलों में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उसके बाद 30 नवंबर से 04 दिसंबर 2026 तक विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों और पंचायत में बाल विवाह की रोकथाम की जागरूकता हेतु रथ यात्रा निकाली जाएगी स इस अवसर पर समुदाय, युवाओं, बच्चों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता से जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

साथ ही शाम के समय विभिन्न स्थानों पर मशाल यात्रा निकालकर बाल विवाह मुक्त समाज का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

डॉ. पंड्या ने कहा कि बाल विवाह समाप्त करने के लिए केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज की सोच और व्यवहार में परिवर्तन लाना भी आवश्यक है।

इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत, विद्यालय, परिवार और समुदाय को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे बाल विवाह की किसी भी सूचना को नजरअंदाज न करें तथा इसकी रोकथाम के लिए प्रशासन और संबंधित संस्थाओं का सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि हर बच्चे को बचपन जीने, शिक्षा प्राप्त करने और अपनी जिंदगी के फैसले स्वयं लेने का अधिकार है। बाल विवाह मुक्त राजस्थान और बाल विवाह मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस बदलाव का भागीदार बनेगा।