मुख्य सामग्री पर जाएँ
गुरुवार, 26 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

उदयपुर में एमएसएमई उद्यमियों को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार सहित सात प्रमुख योजनाओं पर हुआ जागरूकता सेमिनार, बड़ी संख्या में उद्यमियों ने लिया भाग

WAf𝕏TGin✉🖨
उदयपुर में एमएसएमई उद्यमियों को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

उदयपुर। राजस्थान उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के सहयोग से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के विकास, विस्तार एवं प्रोत्साहन के उद्देश्य से गुरुवार को उदयपुर में एमएसएमई जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम 100 फीट रोड, शोभागपुरा स्थित जुडियो के पीछे मधुश्री बैंक्वेट हॉल में आयोजित हुआ, जिसमें उदयपुर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में उद्यमियों एवं व्यवसायियों ने भाग लिया।सेमिनार में उद्यमियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न औद्योगिक योजनाओं, नीतियों एवं डिजिटल मंचों की जानकारी दी गई।

विशेष रूप से मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना, डॉ. बी.आर. अंबेडकर दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना, राजस्थान व्यापार संवर्धन नीति, एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) नीति, राजस्थान एमएसएमई नीति एवं निर्यात नीति सहित सात प्रमुख योजनाओं एवं नीतियों के बारे में विस्तार से बताया गया।कार्यक्रम में प्रशिक्षक एवं विशेषज्ञ जगदीश व्यास एवं राकेश लखारा ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की पात्रता, वित्तीय सहायता, अनुदान, ब्याज में छूट, आवेदन प्रक्रिया तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी दी।

उन्होंने उद्यमियों के सवालों एवं जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें योजनाओं से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान की।इस अवसर पर चोखा राम (जिला उद्योग केंद्र अधिकारी), इंडिया बेस्ट एमएसएमई एसोसिएशन उदयपुर के अध्यक्ष वाई. एस. सिंघवी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलवंत सिंह, कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र शाह, कार्यकारिणी सदस्य एवं बीसीआई के संस्थापक मुकेश माधवानी तथा महासचिव डी. एस. सांघवी सहित संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम में उदयपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए अनेक उद्यमियों ने सरकारी योजनाओं को लेकर जानकारी प्राप्त की।

उद्यमियों ने योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ आवेदन प्रक्रिया और सरकारी सहायता प्राप्त करने के तरीकों को उपयोगी बताया।आयोजकों ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश एवं प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से उद्यमियों को सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने, नए उद्योग स्थापित करने, मौजूदा व्यवसायों का विस्तार करने तथा उन्हें वित्तीय एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।कार्यक्रम के दौरान इच्छुक उद्यमियों को संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।