उदयपुर।महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के संगठक महाविद्यालय राजस्थान कृषि महाविद्यालय में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, एन.एस.एस., स्काउट एवं एन.सी.सी. कैडेट्स एवं महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित सदस्यों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए तथा हर घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया। पूरे परिसर में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर राजस्थान कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. लोकेश गुप्ता, ADSW डॉ. एस.एस. लखावत, NSS प्रभारी डॉ. एच.एस. मीणा, स्काउट प्रभारी डॉ. डी.पी.एस. डुडी एवं NCC प्रभारी श्री राम नारायण कुम्हार सहित महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक गण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधिष्ठाता डॉ. लोकेश गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान विद्यार्थियों में राष्ट्र प्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं जिम्मेदार नागरिक होने की भावना को और मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं आसपास के लोगों को भी तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह एवं उमंग के साथ “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” तथा “हर घर तिरंगा” जैसे देशभक्ति नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के अंत में ADSW डॉ. एस.एस. लखावत ने सभी का आयोजन सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।
