मुख्य सामग्री पर जाएँ
रविवार, 18 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

परिवर्तन संसार का नियम, कर्मों से ही तय होते हैं सुख-दुखःडॉ. राजेन्द्र मुनि

देवेंद्र धाम में आयोजित प्रवचन सभा में संतों ने दिया जीवन प्रबंधन का संदेश, सेवा दिवस व ओली तप की आराधना प्रारंभ

WAf𝕏TGin✉🖨

उदयपुर। महावीर समवशरण में आयोजित धर्मसभा में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए डॉ. सुरेन्द्र मुनि ने जीवन, कर्म और आत्म-साधना के गहरे रहस्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जन्म-मरण, सुख-दुख और लाभ-हानि जीवन के परिवर्तनशील पहलू हैं।

परिवर्तन संसार का शाश्वत नियम है। मानव मन हमेशा अनुकूलता की चाह रखता है, लेकिन जीवन में प्रतिकूलता का आना भी अवश्यंभावी है।

जीवन नदी के प्रवाह की तरह है, जो उतार-चढ़ाव और धूप-छांव से होकर गुजरता है। यदि दुख को दुख न मानकर सहजता से स्वीकार किया जाए, तो वह कष्ट नहीं देता।

उन्होंने आचार्य मानतुंग का प्रेरक उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने अपने कष्टों को भक्ति में बदल दिया, जिससे उनकी असाता साता में तब्दील हो गई।सभा में प्रवर्तक डॉ. राजेन्द्र मुनि ने कर्म सिद्धांत की व्याख्या करते हुए कहा कि व्यक्ति के सुख-दुख की जिम्मेदारी स्वयं उसकी ही होती है।

मनुष्य द्वारा किए गए कृत्य ही समय के साथ सुख अथवा दुख के रूप में परिणत होते हैं। अज्ञानी मन सुख का श्रेय तो स्वयं लेता है, लेकिन दुख का कारण दूसरों पर मढ़ देता है।

सच्चाई यह है कि कर्म अगर हमने किए हैं, तो उसका फल भी हमें ही भुगतना पड़ेगा। दूसरों को धोखा देने वाला अंततः स्वयं ही धोखे का शिकार बनता है।

जो बीज हमने बोया है, फसल भी उसी की काटनी होगी।सेवा कार्य और ओली तप की आराधना-श्रीसंघ अध्यक्ष एडवोकेट रोशनलाल जैन ने बताया कि गुरु पुष्कर जन्म जयंती सप्ताह के अंतर्गत आज प्रथम दिवस ’सेवा दिवस’ के रूप में श्रावक संघ के युवा परिषद तथा श्राविका संघ के द्वारा सेवा दिवस के रूप में चौगान मंदिर के अनाथ आश्रम में जरूरतमंदों की सहायता तथा मोक्ष मार्ग स्थित गौशाला में गौ सेवा की गई ।

वहीं आयंबिल ओली तप की आराधना के तहत आराधक भाई-बहनों ने विधिपूर्वक तप पूर्ण किया।

इस अवसर पर समाज द्वारा सभी तपस्वियों का स्वागत व आभार व्यक्त किया गया।कल होगा सामूहिक सामायिक व भक्तामर जाप- श्रीसंघ महामंत्री हिम्मत बड़ाला ने बताया कि गुरु पुष्कर जन्म जयंती सप्ताह के द्वितीय दिवस की अगली कड़ी में 19 तारीख को प्रातः 9 बजे से सामूहिक सामायिक एवं भक्तामर पाठ/जाप का भव्य आयोजन संपन्न किया जाएगा।