उदयपुर,पैसिफिक विश्वविद्यालय, उदयपुर के अंतर्गत संचालित पैसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ फिजियोथेरेपी के कोऑर्डिनेटर,सहायक प्रोफेसर ,डॉ. शुभम मेनारिया (पीटी) को देश-विदेश में फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए फिजियोटाइम्स द्वारा ‘अंतर्राष्ट्रीय फिजियोथेरेपी आइकन’ के रूप में सम्मानित किया गया है।
फिजियोटाइम्स द्वारा चलाई जा रही विशेष श्रृंखला “प्रेरणा से प्रभाव तक” के अंतर्गत डॉ. मेनारिया को इस सम्मान के लिए चुना गया।
डॉ. मेनारिया न्यूरो-पुनर्वास के विशेषज्ञ हैं। वे एक शोधकर्ता, शिक्षक और जनस्वास्थ्य अधिवक्ता के रूप में भी सक्रिय हैं। अब तक उनके 30 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।
उन्होंने समग्र पुनर्वास को बढ़ावा देने के लिए टेली-रिहैबिलिटेशन और सामुदायिक स्वास्थ्य पहलों पर विशेष कार्य किया है। इन पहलों के माध्यम से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण फिजियोथेरेपी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर डॉ. मेनारिया ने कहा, “हमारा उद्देश्य यह है कि अनुसंधान केवल पुस्तकों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका लाभ सीधे मरीजों तक पहुंचे। फिजियोथेरेपी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हमें तकनीक और सामुदायिक सहयोग का सहारा लेना होगा।”
पैसिफिक विश्वविद्यालय के कुलपति और शिक्षकों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल डॉ. मेनारिया के लिए, बल्कि पूरे संस्थान और राजस्थान के लिए गर्व की बात है।
