उदयपुर। पेसिफिक मेडिकल यूनिवर्सिटी के पेसिफिक कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की विदाई के उपलक्ष्य में ‘फ्रेशर्स एवं फेयरवेल’ समारोह का आयोजन किया गया। कॉलेज परिसर में आयोजित इस दोहरे उत्सव में जहां जूनियर्स के स्वागत का उत्साह दिखा, वहीं सीनियर्स को विदाई देते वक्त भावुक पल भी सामने आए।
कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों एवं संकाय सदस्यों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने एकल व समूह नृत्य, गायन, स्किट और फैशन रैंप वॉक के जरिए अपनी बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
उद्घाटन के इस अवसर पर पेसिफिक कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी के डीन डॉ. जफर खान ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, आयोजक टीम और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि फिजियोथेरेपी केवल शारीरिक उपचार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह रोगियों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास जगाने का एक महत्वपूर्ण कार्य है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने पेशे के प्रति पूरी तरह समर्पित रहने, निरंतर सीखने की ललक बनाए रखने और अपनी पढ़ाई के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को सर्वाेपरि रखने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के मुख्य आकर्षण विभिन्न टाइटल राउंड रहे, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने बौद्धिक कौशल, आत्मविश्वास और परिधान कला का प्रदर्शन किया। इस दौरान धनिष सोनी को ‘मिस्टर फ्रेशर’ और अंजलि सेन को ‘मिस फ्रेशर’ चुना गया। साथ ही अंतिम वर्ष के छात्रों में लोकेंद्र सिंह ने ‘मिस्टर फेयरवेल’ और रीना कुमारी ने ‘मिस फेयरवेल’ का खिताब अपने नाम किया। विजेताओं को स्मृति चिह्न और सैश पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन राहुल अग्रवाल एवं सीईओ शरद कोठारी ने सभी विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा और फिजियोथेरेपी का पेशा केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि पीड़ित मानवता की सेवा का उत्कृष्ट माध्यम है। विद्यार्थियों को अनुशासन, उच्च नैतिक मूल्यों और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों को अपनाकर समाज व राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
फेयरवेल समारोह के दौरान कॉलेज में बिताए गए शैक्षणिक सफर और यादगार पलों को वीडियो प्रजेंटेशन व भाषणों के जरिए साझा किया गया। प्राध्यापकों ने उत्तीर्ण होकर निकल रहे विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य, सफल पेशेवर करियर और समाज के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में डॉ.एम.एम.मंगल,राजेश शर्मा,प्रियंका व्यास,डॉ.दीपक लोहार,डॉ.फारूख मोहम्मद,डॉ.आदिल रज़ा अंसारी,डॉ.हीरेंद्र कटारिया,डॉ.दिव्या तिवारी,डॉ.रेणुका पाल, खुशवीर सिंह राजावत,डॉ.सुहानी भटनागर,डॉ.अभिषेक अरोड़ा,डॉ.दीपिका बलाला,डॉ. पायल शर्मा,डॉ.सौरव सोनी,डॉ.आबिद,डॉ.हसनैन,डॉ.दिलावर खान,डॉ.लौकिक,श्वेता राजपूत सहित समस्त शैक्षणिक स्टाफ व बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
