उदयपुर। महाराणा मेवाड़ विद्या मंदिर, अंबामाता के कक्षा 6-सी के प्रतिभाशाली जूडो खिलाड़ी हिमांक सहलोत का चयन राजस्थान टीम के चयन शिविर के लिए हुआ है। वे 14 से 16 अक्टूबर तक श्रीगंगानगर में आयोजित होने वाले शिविर में भाग लेने के लिए रवाना हुए।
विद्यालय के मानद निदेशक सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में हिमांक अंडर-14 आयु वर्ग के निर्धारित भार वर्ग में अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका राजस्थान टीम में चयन हो सकता है, जिससे उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि हिमांक पूर्व में भी राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिताओं में पदक अर्जित कर चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं और उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।
