उदयपुर। सुंदरवास में महासती सूर्यकान्ता महाराज सा. के सानिध्य में चार माह का पावन चातुर्मास धार्मिक उल्लास, सेवा भावना एवं सामूहिक सहभागिता के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। महावीर स्वाध्याय मंडल, आदर्श महिला मंडल एवं महावीर नवयुवक मंडल के संयुक्त प्रयासों से पूरे चातुर्मास में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं संस्कारमय कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसने समाज में धर्म, एकता एवं सेवा की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की।
चातुर्मास के दौरान प्रत्येक रविवार स्वाध्याय, सामूहिक एकासन एवं धार्मिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। आदर्श महिला मंडल द्वारा बच्चों के लिए संस्कार एवं शिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
इसके साथ ही 12 घंटे का नवकार मंत्र जाप, सामूहिक सामायिक एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
पूरे चातुर्मास में 221 सामूहिक सामायिक एवं 35 प्रभावना कार्यक्रम आयोजित हुए, चातुर्मास के दौरान ‘मैं स्थानक क्यों जाऊं’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया, जो धार्मिक जागरूकता एवं स्थानक से जुड़ाव के भाव को प्रेरित करने वाला विशेष आयोजन रहा।
महावीर स्वाध्याय मंडल के अध्यक्ष श्री कस्तूरचंद जी जैन एवं महामंत्री श्री हरिसिंह जी की रांका का चातुर्मास के दौरान विशेष सहयोग, मार्गदर्शन एवं समर्पण रहा। तीनों मंडलों की कार्यकारिणी एवं सदस्यों ने पूरे चातुर्मास में एकजुट होकर कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आदर्श महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती संध्या जी मेहता एवं सचिव श्रीमती निधि जी जैन ने पूरे चातुर्मास के दौरान महाराज साहब की सेवा, धार्मिक आराधना, ज्ञान एवं प्रवचन से जुड़ी व्यवस्थाओं, गोचरी तथा अन्य आवश्यक सेवाओं का अत्यंत समर्पण एवं कुशलता से निर्वहन किया। महिला मंडल की सेवाभावना एवं सक्रियता चातुर्मास की सफलता का महत्वपूर्ण आधार रही।
संपूर्ण चातुर्मास के दौरान मंच संचालन श्री धनराज जी धींग द्वारा उत्कृष्ट रूप से किया गया, जिन्होंने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति एवं संचालन से प्रत्येक कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं गरिमामय बनाया।
तीनों मंडलों की सामूहिक मेहनत, कार्यकर्ताओं का समर्पण एवं भामाशाहों के सहयोग से चातुर्मास को सफल एवं यादगार बनाया गया। इन आयोजनों से धार्मिक जागरूकता, संस्कार, आपसी सौहार्द एवं संगठन की भावना सुदृढ़ हुई।
समापन अवसर पर महावीर नवयुवक मंडल के अध्यक्ष श्री संदीप जी जैन ने कार्यक्रम संयोजक श्री विवेक जी मेहता एवं श्री महावीर जी वया सहित समस्त कार्यकर्ताओं, सहयोगकर्ताओं एवं भामाशाहों का आभार व्यक्त किया। साथ ही महावीर स्वाध्याय मंडल, आदर्श महिला मंडल एवं महावीर नवयुवक मंडल की समस्त कार्यकारिणी को चातुर्मास की सफलता हेतु हृदय से धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया।
भोजन व्यवस्था में श्री राजेंद्र जी चौरडिया, प्रवीण जी नाहर द्वारा संभाली गई चार माह के इस चातुर्मास ने सुंदरवास में धर्म, संस्कार, सेवा एवं संगठन की भावना को नई ऊंचाई प्रदान की। भविष्य में भी इसी एकजुटता एवं समर्पण के साथ समाजहित के कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया गया।
एकता ही हमारी शक्ति है, सेवा ही हमारा संकल्प है और संस्कार ही हमारी पहचान हैं।