उदयपुर। उदयपुर में बंदरों के संरक्षण और उनके लिए स्थायी सरकारी व्यवस्था स्थापित करवाने की मांग को लेकर समाजसेवियों ने जिला कलेक्टर श्री गौरव अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बंदरों के रेस्क्यू, उपचार, सुरक्षित आश्रय, पुनर्वास और मृत्यु के बाद सम्मानजनक अंतिम संस्कार तक की जिम्मेदारी सरकार द्वारा सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
समाजसेवियों ने बताया कि वर्तमान में उदयपुर में बंदरों के लिए कोई समर्पित एवं स्थायी सरकारी रेस्क्यू और उपचार व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। किसी बंदर के सड़क दुर्घटना में घायल होने, बीमार पड़ने या गंभीर अवस्था में मिलने पर नागरिकों को अलग-अलग विभागों से संपर्क करना पड़ता है। कई बार समाजसेवियों को अपने निजी वाहनों से उन्हें अस्पताल पहुंचाना पड़ता है और उपचार का खर्च भी स्वयं उठाना पड़ता है।
हाल ही में एक घायल बंदर के मामले में स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने सहायता के लिए कई प्रयास किए, लेकिन समुचित उपचार और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था नहीं हो सकी। अंततः उस बेजुबान जीव की मृत्यु हो गई। इस घटना ने व्यवस्था की कमी को उजागर करते हुए सवाल खड़ा किया कि घायल बंदरों की जान बचाने और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
समाजसेवियों ने कहा कि जीवों के प्रति करुणा और संरक्षण केवल संवेदनशील नागरिकों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संबंधित विभागों और सरकार का भी दायित्व है। बंदरों के लिए ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिसमें किसी घायल या बीमार जीव को सहायता के अभाव में भटकना न पड़े।
एक कॉल पर रेस्क्यू से अंतिम संस्कार तक की व्यवस्था हो ज्ञापन में मांग की गई कि उदयपुर में बंदरों के लिए सरकार के स्तर पर 24×7 समर्पित रेस्क्यू हेल्पलाइन एवं नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाए। सूचना मिलते ही प्रशिक्षित टीम विशेष रेस्क्यू वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ स्थायी उपचार केंद्र, एक्स-रे, ऑपरेशन, आवश्यक दवाइयों, संक्रमण नियंत्रण एवं क्वारंटीन की सुविधा उपलब्ध हो।
घायल बंदरों का उपचार सरकारी खर्च पर निःशुल्क करवाया जाए, ताकि किसी जीव की जान बचाने के लिए समाजसेवियों और आम नागरिकों को अपनी जेब से भुगतान न करना पड़े। स्वस्थ होने पर बंदरों को उपयुक्त प्राकृतिक आवास में पुनर्वासित किया जाए तथा स्थायी रूप से असमर्थ बंदरों के लिए सुरक्षित आश्रय बनाया जाए। मृत्यु होने पर कानून एवं जैव-सुरक्षा के अनुरूप स्वच्छ और सम्मानजनक अंतिम संस्कार की व्यवस्था भी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी हो।
ज्ञापन में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 तथा वन विभाग के वर्ष 1999, 2013, 2018 और 2025 के विभिन्न सरकारी आदेशों का उल्लेख करते हुए विभागीय जवाबदेही और आपसी समन्वय सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने दिया सकारात्मक आश्वासन ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिला कलेक्टर श्री गौरव अग्रवाल ने समाजसेवियों की बातों को गंभीरता से सुना और इस दिशा में व्यवस्था करवाने का सकारात्मक आश्वासन दिया। उनके सकारात्मक रुख से समाजसेवियों में उम्मीद जगी है कि उदयपुर में बंदरों के लिए स्थायी सरकारी व्यवस्था विकसित करने की दिशा में जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विनोद कुमावत, रविंद्र नागदा, रोहित चोबीसा, विनोद नागदा, गौरी रॉय, दिनेश नागदा, यशवंत जोशी, सुरेश शर्मा सहित अन्य समाजसेवी उपस्थित रहे।
समाजसेवियों का कहना है कि बंदरों के रेस्क्यू, उपचार और सुरक्षित आश्रय की जिम्मेदारी केवल संवेदनशील नागरिकों, समाजसेवियों या निजी संस्थाओं के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती। सरकार अपने स्तर पर स्थायी व्यवस्था, पर्याप्त बजट और जवाबदेही सुनिश्चित करे, ताकि किसी घायल बंदर को सहायता के अभाव में भटकना न पड़े।
एक बंदर को बचाना हमारा प्रयास था, लेकिन पूरी बंदर प्रजाति के लिए स्थायी सरकारी व्यवस्था बनवाना हमारा संकल्प है।
इस पहल का उद्देश्य उदयपुर में ऐसा मॉडल स्थापित करवाना है, जहां किसी बंदर को दुर्घटना या बीमारी के बाद लावारिस न छोड़ना पड़े और उसे उपचार से लेकर सम्मानजनक अंतिम विदाई तक सरकारी व्यवस्था का सहारा मिले।
