श्रीगंगानगर। विकसित भारत जन सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत 22 सितम्बर को पंचायत समिति पदमपुर में आयोजित शिविर में महिला अधिकारिता विभाग की ओर से राजस्थान सरकार की लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत लाभार्थी धापी देवी की पुत्री भुविका का आवेदन करवाया गया।लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा बालिका के जन्म से लेकर 21 वर्ष की आयु पूर्ण करने तक सात किश्तों में कुल 1.50 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाती है।
योजना का उद्देश्य बालिकाओं के पालन-पोषण एवं उच्च शिक्षा में आर्थिक बाधाओं को दूर करते हुए उनके सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।
बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने एवं समाज को लिंग भेदभाव से मुक्त करने के उद्देश्य से शिविरों एवं अभियानों के दौरान बेटी जन्मोत्सव का आयोजन कर लाभार्थी को बधाई-पत्र वितरित किए गए।इस अवसर पर शिविर प्रभारी एवं विकास अधिकारी पंचायत समिति पदमपुर श्री बाबूलाल, महिला अधिकारिता विभाग की सुपरवाइजर सुश्री संध्या सिहाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
लाभार्थी ने लाडो प्रोत्साहन योजना को बालिकाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि योजना से बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य को संबल मिलने के साथ ही समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलेगा।
