निशांत की मृत्यु के बाद निकिता की दुनिया जैसे पूरी तरह बदल गई थी। कभी जिन लोगों की भीड़ उसके आसपास हुआ करती थी, आज वही लोग उससे दूरी बनाने लगे थे। वक्त ने उसे एक ऐसा सच दिखाया, जिसे वह कभी समझ ही नहीं पाई थी—मुसीबत के समय अक्सर अपने भी पराए हो जाते हैं।
दो बच्चों की जिम्मेदारी अब पूरी तरह निकिता के कंधों पर थी। बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और भविष्य की चिंता के बीच उसने खुद को टूटने नहीं दिया। वह कॉल सेंटर में नौकरी करती और साथ ही सरकारी नौकरी की तैयारी भी करती।
उसकी सुबह रात के अंधेरे में ही शुरू हो जाती थी। तीन बजे उठना, घर का काम निपटाना, बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करना, उनके टिफिन बनाना और फिर खुद काम पर निकल जाना। थकान उसके चेहरे पर जरूर दिखाई देती थी, लेकिन हौसला आज भी उसकी आँखों में जिंदा था।
एक दिन उसकी सहेली रश्मि ने उसे समझाते हुए कहा— रश्मि: "निकिता, आखिर कब तक अकेले जिंदगी से लड़ती रहोगी? दूसरी शादी कर लो और बच्चों को उनके दादा-दादी के पास भेज दो।"
निकिता: "रश्मि! तुम भी कैसी बातें करती हो? ये बच्चे ही तो मेरी जिंदगी हैं। मैंने इनके पिता को खोया है, अब इन्हें खुद से दूर करके दूसरी बार नहीं खो सकती। चाहे कितनी भी मुश्किलें आएँ, मैं अपने बच्चों का साथ कभी नहीं छोड़ूँगी।"
अगले दिन निकिता घर का काम निपटाकर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी कि अचानक फोन की घंटी बजी।
मकान मालिक: "निकिता, तुम्हें यह घर खाली करना होगा। अपने रहने के लिए कहीं और व्यवस्था कर लो।"
यह सुनकर निकिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। एक तरफ बच्चों का भविष्य और दूसरी तरफ सिर छिपाने के लिए छत की तलाश! कुछ पल के लिए उसकी आँखें नम हो गईं, लेकिन उसने खुद को संभाल लिया।
निकिता: "रामदीन भैया, बस कुछ दिनों का वक्त दे दीजिए। मैं घर खाली कर दूँगी।"
रामदीन: "ज्यादा वक्त नहीं दे सकता। पंद्रह दिन हैं तुम्हारे पास।"
निकिता: "ठीक है, भैया। मैं व्यवस्था कर लूँगी।"
पंद्रह दिन! इतनी-सी मोहलत में उसे अपने बच्चों के लिए नया घर भी तलाशना था और अपनी जिंदगी की लड़ाई भी जारी रखनी थी।
कड़कड़ाती ठंड, बच्चों की जिम्मेदारी और सरकारी नौकरी पाने का सपना—हर तरफ चुनौतियाँ थीं। आखिर उसने अपनी चचेरी बहन मानसी को फोन लगाया। कई बार घंटी बजने के बाद मानसी ने फोन उठाया।
मानसी: "निकिता, मुझे बार-बार फोन मत किया करो। तुम्हारे जीजाजी को बिल्कुल पसंद नहीं है कि तुम मुझे फोन करो। और हाँ, एक बात साफ-साफ सुन लो, मैं तुम्हारी किसी भी तरह की मदद नहीं कर सकती।"
इतना कहकर उसने फोन काट दिया। निकिता कुछ देर तक फोन को देखती रही। आँखों में नमी थी, लेकिन अब उसे समझ आने लगा था कि रिश्तों की पहचान सुख में नहीं, बल्कि मुश्किल वक्त में होती है।
घर की तलाश में वह दर-दर भटक रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसे मीनाक्षी का पति रोहन दिखाई दिया।
रोहन: "क्या बात है निकिता? आज कुछ परेशान लग रही हो?"
निकिता: "घर तलाश रही हूँ, लेकिन कहीं कोई ठीक-सा मकान नहीं मिल रहा।"
रोहन: "अरे! इतनी-सी बात। चलो, मैं तुम्हें एक घर दिखाता हूँ।"
रोहन उसे एक मकान में ले गया। घर निकिता को पसंद आ गया।
निकिता: "घर तो अच्छा है। किराया कितना है?"
रोहन ने मुस्कुराते हुए कहा— "घर तो तुम्हें पसंद आ गया, लेकिन एक बात बताओ, क्या मैं तुम्हें पसंद हूँ?"
निकिता उसकी बात सुनकर असहज हो गई।
निकिता: "आप कैसी बातें कर रहे हैं?"
रोहन ने आगे बढ़कर उसका हाथ पकड़ लिया। रोहन: "घर भी तुम्हें मिल जाएगा और किराया भी नहीं देना पड़ेगा। बस एक बार कह दो कि तुम मुझे पसंद करती हो।"
निकिता ने झटके से अपना हाथ छुड़ाया। निकिता: "मुझे न आपकी मदद चाहिए और न आपका यह घर। मेरे दिल में आज भी सिर्फ निशांत की जगह है।"
रोहन "बहुत पछताओगी निकिता! निशांत अब लौटकर नहीं आने वाला। जिंदगी अकेले नहीं कटती।"
निकिता वहाँ से जाने लगी, लेकिन रोहन ने पीछे से उसे कसकर पकड़ लिया। निकिता ने पूरी ताकत से खुद को छुड़ाया और उसकी आँखों में आँखें डालकर कहा— निकिता "याद रखिए, मैं अकेली जरूर हूँ, लेकिन कमजोर नहीं! मेरी मजबूरी को मेरी कमजोरी समझने की भूल मत कीजिएगा। मुझे किसी की खैरात नहीं चाहिए। मैं अपने बच्चों को मेहनत की रोटी खिलाऊँगी, लेकिन अपने आत्मसम्मान का सौदा कभी नहीं करूँगी।"
वह वहाँ से निकल गई। समय बीतता गया। निकिता ने अपनी मेहनत और लगन से परिस्थितियों को चुनौती देना जारी रखा। लगभग छह महीने बाद आखिरकार उसकी मेहनत रंग लाई। उसकी सरकारी नौकरी लग गई।
कार्यालय में बॉस और सहकर्मियों ने उसके स्वागत में एक छोटी-सी पार्टी का आयोजन किया। आज निकिता उसी सरकारी कार्यालय की कुर्सी पर बैठी थी, जिसके लिए उसने न जाने कितनी रातें जागकर तैयारी की थी।
उसकी आँखों में खुशी के आँसू थे। उसे रह-रहकर निशांत की याद आ रही थी।
मन ही मन उसने कहा—"निशांत! काश, आज तुम मेरे साथ होते। देखो, मैंने हमारी जिम्मेदारियों को हारने नहीं दिया।"
तभी दरवाजे पर दस्तक हुई।
निकिता: "आइए!"
एक कर्मचारी मिठाई लेकर अंदर आया। क्लर्क "लीजिए मैम, मुँह मीठा कीजिए। हमारी नई अधिकारी बनने की खुशी में!"
निकिता ने कुर्सी घुमाकर उसकी ओर देखा। सामने रोहन खड़ा था। उसे देखते ही रोहन के चेहरे का रंग उड़ गया।
रोहन "निकिता... तुम?" निकिता के चेहरे पर आत्मविश्वास भरी मुस्कान थी।
निकिता "जी हाँ, रोहन “ रोहन चुपचाप सिर झुकाए खड़ा रहा।
निकिता ने शांत लेकिन दृढ़ स्वर में कहा— "मैं तब भी अकेली थी, लेकिन कमजोर नहीं थी... और आज भी अकेली हूँ, मगर अपने आत्मसम्मान और मेहनत के साथ।"
डॉ. प्रेरणा गौड़
