जैसलमेर । राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने कहा कि पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण में प्रत्येक मतदाता भयमुक्त वातावरण में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का उपयोग कर सके, इसके लिए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण गंभीरता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करते हुए मतदान एवं मतगणना से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री सिंह ने बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में चतुर्थ चरण के निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए ये निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ पर्याप्त सुरक्षा जाब्ता तैनात किया जाए।
मतदान दलों के गंतव्य स्थलों तक समय पर पहुंचने, उनके ठहरने तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की प्रभावी तैयारी रखी जाए, ताकि निर्वाचन कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
मतदान केन्द्रों पर बुनियादी सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान केन्द्रों पर पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश, शौचालय, साफ-सफाई तथा रैम्प सहित सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान दलों के प्रशिक्षण की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य में नियुक्त कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया, दायित्वों एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों की समुचित जानकारी दी जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात करने के निर्देश दिए।
एरिया मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर ऑफिसर्स को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने तथा संवेदनशील केन्द्रों पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा।
उन्होंने ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की एवं मतगणना कार्य में नियुक्त कार्मिकों को भी समुचित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान केन्द्रों पर की गई सुविधाओं की भी जानकारी ली।
नियंत्रण कक्ष रहे सक्रिय, सीमावर्ती क्षेत्र में बरतें अतिरिक्त सतर्कता श्री सिंह ने जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सक्रिय एवं मुस्तैद रखने तथा निर्वाचन से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जैसलमेर सीमावर्ती जिला होने के कारण सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के संबंध में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखें तथा किसी भी अवांछित गतिविधि या घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
स्वीप के नवाचारों की सराहना राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने जिले में मतदाता जागरूकता के लिए किए गए नवाचारों की सराहना की। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर होमगार्ड, पुलिस कर्मी, महिला कांस्टेबलों की नियुक्ति तथा वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं की सहायता के लिए स्काउट एवं गाइड के प्रतिनिधियों को लगाए जाने की पहल को सराहनीय बताया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी तैयारियों की जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अनुपमा जोरवाल ने चतुर्थ चरण के निर्वाचन की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 10 पंचायत समितियों में चुनाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक शिवहरे ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि चतुर्थ चरण के मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवांछित गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेंद्रपाल सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी यथार्थ शेखर, विशेषाधिकारी चुनाव रोहित वर्मा, उपखण्ड अधिकारी वीरेंद्र सिंह, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, सह प्रभारी चुनाव प्रकोष्ठ सत्य प्रकाश खत्री सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
