उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय , उदयपुर के संघटक कृषि महाविद्यालय, डूंगरपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बी.एस.सी. (कृषि) प्रथम वर्ष की प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया में कुल 70 सीटों में से 65 सीटों पर विद्यार्थियों ने प्रवेश प्राप्त किया है। महाविद्यालय में कुल 60 सामान्य सीटों में से 57 तथा 10 भुगतान (पेमेंट) सीटों में से 8 सीटों पर प्रवेश हुआ है। इस प्रकार प्रथम चरण में कुल 65 विद्यार्थियों ने महाविद्यालय में प्रवेश लिया है। प्रवेशित विद्यार्थियों में 41 छात्र एवं 24 छात्राएं शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि प्रवेश लेने वाले लगभग 50 प्रतिशत विद्यार्थी जनजातीय उपयोजना (TSP) क्षेत्र से संबंधित हैं। महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आर. पी. मीणा ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के आगामी दो चरणों में शेष 5 रिक्त सीटों को भरने के लिए नियमानुसार प्रवेश प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी प्रवेश चरणों में सभी रिक्त सीटों पर प्रवेश सुनिश्चित हो सकेगा। महाविद्यालय में विद्यार्थियों की इस उत्साहजनक भागीदारी से कृषि शिक्षा के प्रति बढ़ते रुझान तथा जनजातीय क्षेत्र में उच्च कृषि शिक्षा के विस्तार की संभावनाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
अधिष्ठाता डॉ. आर. पी. मीणा ने 5 एवं 6 नवंबर को दो दिनों तक चली प्रवेश प्रक्रिया के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर इसमें सक्रिय सहभागिता निभाने वाले डॉ. सी. एम. बलाई, डॉ. बी. एल. रोत, डॉ. जी. एल. मीणा, घीसूलाल मेघवाल, नेहा मीणा, श्हिमांशु आचार्य सहित महाविद्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया तथा उनके सहयोग एवं समर्पण की सराहना की।