उदयपुर। नारायण सेवा संस्थान के वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी परिसर में मंगलवार को संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल के सान्निध्य में चार दिवसीय आध्यात्मिक कथा एवं सत्संग कार्यक्रम ‘अपनों से अपनी बात’ का शुभारंभ हुआ। प्रथम दिवस कार्तिक पूर्णिमा, देव दीपावली और गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के आध्यात्मिक एवं प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को सेवा, समर्पण और परोपकार का संदेश दिया गया।
अग्रवाल ने देव दीपावली के प्रसंग में भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर के वध की कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि तारकासुर के तीन पुत्रों तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली ने तपस्या से तीन उड़ते हुए नगरों का वरदान प्राप्त किया था।
इनके अत्याचारों से त्रस्त देवताओं की प्रार्थना पर भगवान शिव ने एक ही बाण से तीनों नगरों का संहार किया। इस विजय के उपलक्ष्य में देवताओं ने दीप प्रज्वलित कर उत्सव मनाया।
इसी कारण भगवान शिव त्रिपुरारी कहलाए और कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली मनाने की परंपरा प्रारंभ हुई।
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर उन्होंने ‘सच्चा सौदा’ का प्रेरक प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि बाल्यावस्था में पिता द्वारा व्यापार के लिए दिए गए बीस रुपये गुरु नानक देव जी ने रास्ते में भूखे साधुओं को भोजन कराने में खर्च कर दिए।
उनके लिए भूखों को भोजन कराना ही सबसे बड़ा और सच्चा सौदा था। इसी प्रसंग के माध्यम से ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ अर्थात ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से परिश्रम और मिल-बाँटकर खाने की सीख दी गई।
अग्रवाल ने कहा कि सेवा, करुणा और परोपकार ही मानव जीवन की वास्तविक पूँजी हैं। जीवन की सार्थकता दूसरों के दुख-दर्द को समझने और जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने में है। उन्होंने कहा कि अहंकार का अंत निश्चित है, जबकि सामूहिक प्रयास से कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने दीपदान के आध्यात्मिक महत्व के बताते हुए कहा दीप केवल बाहरी अंधकार ही नहीं मिटाता, बल्कि हमें अपने भीतर के अहंकार और अज्ञान को दूर करने की प्रेरणा भी देता है। हमें स्वयं प्रकाशित होने के साथ दूसरों के जीवन में भी खुशियों का उजास फैलाना चाहिए।
कथा के दौरान संस्थान से लाभान्वित दिव्यांगजनों से आत्मीय संवाद भी किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उपस्थित रहकर कथा श्रवण किया।
