उदयपुर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार प्रदेश में अन्य राज्यों से आने वाली मदिरा एवं अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम हेतु जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत आबकारी निरोधक दलों द्वारा नाकाबंदी, गश्त, रेड की प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।78 गिरफ्तार - 488 अभियोग दर्जप्रदेष में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत एक से 4 नवम्बर तक विभिन्न कार्रवाई के तहत 488 अभियोग दर्ज किए गए है।
प्रदेश में देशी मदिरा 3 लाख 38 हजार 966 रूपए लागत की 1246 लीटर, भारत निर्मित विदेशी मदिरा 5 लाख 62 हजार 890 रूपए की 7054 लीटर, बीयर 85 हजार 65 रूपए की 370 लीटर, हथकड़ शराब 4049 लीटर जब्त की गई है।
इसी क्रम में वाॅश 98 हजार 365 लीटर नष्ट किया गया है। प्रदेश में अभियान के दौरान दुपहिया वाहन 6 जब्त करते हुए 78 व्यक्तियों का गिरफ्तार किया गया है।आबकारी दलों की कार्रवाईबांसवाड़ा जिले में आबकारी टीम ने 2100 लीटर वाॅश के साथ मदिरा की 3 भट्टियां नष्ट की।
मौके से हथकड़ मदिरा की 53 बोतल भी जब्त की गई। चूरू जिले में आबकारी दल राजगढ़ व सुजानगढ़ की कार्रवाई में माल्टा देशी मदिरा की 60 बोतल व 60 पव्वे फोर सेल इन हरियाणा जब्त की गई।
सुजानगढ़ में 200 लीटर वाॅश नष्ट कर अभियोग दर्ज किया। भरतपुर के डीग में राॅकफाॅर्ड क्लासिक सुपर प्रिमियम व्हीस्की फोर सेल इन हरियाणा की 21 हाफ बोतल जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया।
जयपुर में देशी मदिरा के 353 पव्वे एवं 2 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त कर 4 अभियोग दर्ज किए गए। बीकानेर के खाजूवाला, लूणकरणसर एवं बीकानेर शहर में देशी मदिरा के 333 पव्वे जब्त कर अभियोग दर्ज किए।
जोधपुर ग्रामीण में देशी मदिरा के 62 पव्वे, पीपाड़ में 25 पव्वे एवं फलौदी में 21 पव्वे जब्त किए साथ ही लूणी क्षेत्र में 2 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई।
दौसा में 2500 लीटर वाॅश सहित 5 मदिरा भट्टियां नष्ट करते हुए 55 लीटर अवैध हथकड़ मदिरा भी जब्त की गई। नागौर के मेड़ता में 1500 लीटर वाॅश नष्ट कर 57 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त करते हुए परबतसर, डीडवाना, बिछावा एव नावां में भी अवैध हथकड़ मदिरा जब्त कर वाॅश नष्ट किया।
राजसमंद के देवगढ़ व कामलीघाट में कार्रवाई कर 150 लीटर वाॅश नष्टीकरण, देशी मदिरा के 27 पव्वे एवं हथकड़ मदिरा 5 लीटर जब्त की गई। श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ में 1500 लीटर वाॅष नष्टीकरण के साथ अवैध हथकड़ मदिरा जब्त की गई।
इसी क्रम में श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में हाईवे पर अवैध साईनेज, विज्ञापन बोर्ड पर कार्रवाई की गई। झुुंझुनूं, झालवाड़ सहित विभिन्न जिलों में भी नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई।इसी प्रकार प्रदेश के समस्त जिलों में भी गश्त, नाकाबंदी व दबिश दी जा रही है।
समस्त अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक एवं आबकारी निरोधक दल द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्यवाही की जा रही है।
