मुख्य सामग्री पर जाएँ
रविवार, 20 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

जल संरक्षण के गूंजे नारे, संकल्पित हो रहे जन-जन सारे

जल पूजन, नहरों की सफाई, जल बचत जागरूकता और जल परीक्षण अभियानों में बढ़ी जनभागीदारी

WAf𝕏TGin🖨
जल संरक्षण के गूंजे नारे, संकल्पित हो रहे जन-जन सारे

उदयपुर। राज्य सरकार के महत्त्वाकांक्षी “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” के अंतर्गत मंगलवार को उदयपुर जिले में विभिन्न विभागों द्वारा जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर चलाया जा रहा अभियान जल स्रोतों के संरक्षण, जन-जागरूकता बढ़ाने तथा जल बचत को जन आंदोलन का स्वरूप देने में सफल रहा है।

अभियान के तहत मंगलवार को जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में उदयपुर जिले में विविध आयोजन हुए। जल संसाधन विभाग के तत्वावधान में नदियों, वृहद एवं मध्यम बांधों, सरोवरों तथा नहरों पर जल पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसके साथ ही नहरों एवं खालों की उपयोगिता संगमों तथा कृषकों के सहयोग से सफाई एवं गाद निकासी (डी-सिल्टिंग) कार्य किए गए। जल उपयोगिता संगमों द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित कर जल संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

विभाग द्वारा “कैच द रेन” अभियान तथा जल संचय जनभागीदारी कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को वर्षा जल संग्रहण एवं जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।

साथ ही विभिन्न जल संरचनाओं से जुड़े नवीन कार्यों का भूमि पूजन, शिलान्यास, अवलोकन एवं लोकार्पण भी किया गया।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रूफ टॉप वर्षा जल संचयन संरचनाओं के निर्माण हेतु तकनीकी जानकारी प्रदान की गई।

विभाग ने जल बचत जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जल के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर जल परीक्षण अभियान चलाकर पेयजल गुणवत्ता की जांच एवं जनजागरूकता गतिविधियां संपादित की गईं।

वहीं भू-जल विभाग द्वारा “कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान” के अंतर्गत संचालित कार्यों का अवलोकन किया गया तथा विभिन्न जल संरक्षण परियोजनाओं के लोकार्पण एवं नवीन कार्यों की स्वीकृति संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं।

अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, जल उपयोगिता संगमों, किसानों, स्वयंसेवी संगठनों तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी रही।