जैसलमेर । राज्य सरकार द्वारा आमजन को त्वरित, सरल एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित “शहरी सेवा शिविर अभियान-2026” के तहत सोमवार को नगर परिषद सभागार में शहरी सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का निरीक्षण जिला प्रभारी सचिव एवं राजस्थान राज्य बुनकर संघ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महावीर प्रसाद मीणा एवं जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर प्रभारी सचिव एवं जैसलमेर विधायक ने शिविर में उपस्थित लाभार्थियों को पट्टे, प्रमाण-पत्र एवं विभिन्न स्वीकृतियां वितरित कीं। शिविर में 69-ए, कच्ची बस्ती एवं फ्री-होल्ड श्रेणी के 48 पट्टे जारी किए गए। इसके साथ ही 07 नामांतरण प्रकरणों का निस्तारण, 04 भवन निर्माण स्वीकृतियां एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 04 लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए।
प्रभारी सचिव मीणा एवं विधायक भाटी ने कहा कि राज्य सरकार “विकसित राजस्थान” के संकल्प को साकार करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें त्वरित राहत एवं सुगम सेवाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए एवं योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाए।
प्रभारी सचिव ने बताया कि शहरी सेवा शिविरों में नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति, लीज राशि, कब्जा नियमन, 69-ए पट्टा, फ्री-होल्ड पट्टा, खांचा भूमि, फायर एनओसी, यूडी टैक्स, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित विभिन्न सेवाएं सरल एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही राज्य सरकार द्वारा दी जा रही विभिन्न रियायतों एवं छूटों का लाभ भी आमजन को प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा, उपनिदेशक महिला अधिकारिता अशोक गोयल, अधीक्षण अभियंता भैराराम चौधरी, समाजसेवी अरुण पुरोहित, राजस्व अधिकारी पवन कुमार, अयूब अली, ऋषभ जायसवाल सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
