मुख्य सामग्री पर जाएँ
शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Jaislmer news

जिला कलक्टर ने जलापूर्ति योजनाओं एवं हेडवर्क्स का किया निरीक्षण

नियमित एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, डिग्गियों की भराव क्षमता बढ़ाने और तकनीकी व्यवधानों को न्यूनतम रखने के दिए निर्देश

WAf𝕏TGin✉🖨
जिला कलक्टर ने जलापूर्ति योजनाओं एवं हेडवर्क्स का किया निरीक्षण

जैसलमेर । जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने शुक्रवार को जिले में पेयजल आपूर्ति व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए 193 आरडी स्थित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के हेडवर्क्स का निरीक्षण किया। उन्होंने संचालित बहुग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं तथा जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने इनटेक पंप हाउस, संचालित 7 एवं 14 ग्राम बहुग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत 22 ग्राम जलापूर्ति योजना के लिए निर्माणाधीन नवीन पंप हाउस एवं आरडब्ल्यूआर के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

इसके पश्चात जिला कलक्टर जोरवाल ने योजना से लाभान्वित छंगानियों की बस्ती पहुंचकर सौर ऊर्जा आधारित पंपिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने घरेलू नल कनेक्शन (FHTC) के माध्यम से घरों तक पेयजल आपूर्ति तथा पशुधन के लिए पशु खेलियों में जल उपलब्धता की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद रोजानियों की बस्ती स्थित पीएचईडी हेडवर्क्स का निरीक्षण कर इससे जुड़े 14 ग्रामों की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की।

जलापूर्ति व्यवस्था में नियमितता एवं गुणवत्ता पर जोर जिला कलक्टर जोरवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल भंडारण डिग्गियों में पर्याप्त मात्रा में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा उनकी भराव क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए। उन्होंने संबंधित ग्रामों में नियमित एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, जलापूर्ति व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा तकनीकी व्यवधानों को न्यूनतम रखने के लिए नियमित प्रिवेंटिव मेंटेनेंस करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन कार्यों को प्राथमिकता से शीघ्र पूर्ण करने तथा इनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकाधिक परिवारों को लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार, सहायक अभियंता राकेश कुमार, कनिष्ठ अभियंता जेठू सिंह सहित अन्य संबंधित विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे।