उदयपुर | वल्लभनगर ब्लॉक के गांव गुपड़ा की बेटियों ने 70वीं जिला स्तरीय विद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 के अंतर्गत कोटा कैरियर स्कूल, वासनी में आयोजित 14 वर्षीय छात्र-छात्रा नेटबॉल स्पर्धा में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपना परचम लहरा दिया है।टीम प्रभारी पपीता भावसार ने बताया कि सेमीफाइनल के रोमांचक मुकाबले में गुपड़ा की टीम ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, धनेरिया की टीम को 9-6 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
पूरी प्रतियोगिता के दौरान टीम की सभी बालिकाओं ने अनुशासन, टीम भावना का परिचय दिया।इस सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य भंवर सिंह राठौड़ ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत बेटियों की कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम है।
शारीरिक शिक्षिका अनीता सारस्वत, समस्त स्टाफ एवं ग्रामवासियों ने विजेता टीम को बधाई देते हुए फाइनल मुकाबले के लिए अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
