उदयपुर । राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक जिला कलक्टर के निर्देशन में कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 4.0 के प्रभावी क्रियान्वयन और जिले में तंबाकू नियंत्रण को लेकर की जाने वाली कार्रवाई पर विस्तार से चर्चा की गई।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक आदित्य ने बताया कि टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 4.0 के तहत 28 अक्टूबर से 28 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा तंबाकू उत्पादों के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है।इस दौरान चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग को विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से युवाओं एवं विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान की जानकारी देने तथा तंबाकू मुक्त वातावरण के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।वहीं, पुलिस विभाग, नगर निगम और चिकित्सा विभाग को कोटपा अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू नियंत्रण संबंधी नियमों की पालना सुनिश्चित करने और उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में एसडीएम बड़गांव मनसुख डामोर, सीएमएचओ द्वितीय डॉ महेंद्र राठौड़, जिला शिक्षाधिकारी प्रारंभिक दुर्गेश मेनारिया, अतिरिक्त जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक मोहनलाल मेघवाल, पुलिस उपाधीक्षक यातायात भंवरलाल चौधरी, औषधि नियंत्रण अधिकारी नेहा बंसल, नगर निगम के स्वास्थ्य निरीक्षक शेखर वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
