मुख्य सामग्री पर जाएँ
मंगलवार, 24 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

उदयपुर का बढ़ा मान, भगवान स्वरूप वैष्णव भारतीय क्याकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल

राजस्थान के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि, उदयपुर को मिला राष्ट्रीय प्रतिनिधित्व

WAf𝕏TGin✉🖨
उदयपुर का बढ़ा मान, भगवान स्वरूप वैष्णव भारतीय क्याकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल

उदयपुर। उदयपुर एवं सम्पूर्ण राजस्थान के खेल जगत के लिए यह अत्यंत गर्व, सम्मान और हर्ष का विषय है कि राजस्थान क्याकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भगवान स्वरूप वैष्णव को भारतीय क्याकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में एक्जीक्यूटिव मेंबर (कार्यकारी सदस्य) के रूप में नियुक्त किया गया है।

यह नियुक्ति न केवल श्री वैष्णव की खेल प्रशासन में दीर्घकालिक सेवाओं का सम्मान है, बल्कि राजस्थान में क्याकिंग एवं कैनोइंग खेल की बढ़ती पहचान और प्रभाव का भी प्रतीक है।

भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के विधिवत चुनाव 23 नवम्बर 2026 को गुरुग्राम (हरियाणा) में संपन्न हुए, जिसमें प्रशांत कुशवाह पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए। इसी अवसर पर संगठन एवं खेल विकास में उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए भगवान स्वरूप वैष्णव को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया। नई कार्यकारिणी का समय 2030 तक रहेगा।

श्री वैष्णव पिछले कई वर्षों से राजस्थान में कायाकिंग , कैनोइंग एवं अन्य जल क्रीड़ाओं के विकास हेतु सतत कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में राज्य के अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय सफलताएं अर्जित की हैं। खिलाडियों के प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा खेल संरचना को मजबूत बनाने में उनका योगदान सदैव महत्वपूर्ण रहा है।

उल्लेखनीय है कि भगवान स्वरूप वैष्णव वर्ष 2017 में ताइवान में भारतीय कायाकिंग टीम के टीम मैनेजर के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

इसके अतिरिक्त वर्ष 2019 में चीन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने भारतीय दल के साथ महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

वर्तमान में श्री वैष्णव राजस्थान कायाकिंग एवं कैनोईंग संघ के अध्यक्ष है, खेल प्रबंधन, संगठन निर्माण एवं खिलाडियों के हित में उनके समर्पित प्रयासों को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान की गई है।

इस अवसर पर एशियन कायाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन तथा भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री प्रशांत कुशवाह ने श्री वैष्णव को बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता एवं खेल के प्रति समर्पण का लाभ राष्ट्रीय स्तर पर कायाकिंग एवं कैनोइंग खेल को मिलेगा।

वहीं भारतीय ड्रैगन बोट महासंघ के चेयरपर्सन एवं राजस्थान कायाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के महासचिव श्री दिलीप सिंह चौहान ने इसे राजस्थान के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि श्री वैष्णव की नियुक्ति प्रदेश के खिलाडियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी।

भगवान स्वरूप वैष्णव की इस उपलब्धि पर उदयपुर जिला खेल अधिकारी महेश पालीवाल, राजस्थान कायाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. चंद्रगुप्त चौहान, चेयरमैन अजय अग्रवाल, डॉ महावीर परिहार, डॉ. ललित रेगर, डॉ भूपेन्द्र सिंह चौहान, नवल सिंह चुण्डावत, तुषार मेहता, कमलेश हाथी, महेश पिम्पलकर दीपक गुप्ता, रणवीर सिंह राणावत सहित प्रदेश के अनेक खेल पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं अभिभावकों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।