उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के संघटक सामुदायिक एवं व्यावहारिक विज्ञान महाविद्यालय में दिनांक 22/9/2026 को महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के जवानों द्वारा विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान एनडीआरएफ के प्रशिक्षित जवानों ने विद्यार्थियों को भूकंप, बाढ़, आगजनी एवं अन्य प्राकृतिक तथा मानवजनित आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।
साथ ही, प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी, आपातकालीन संचार तथा बचाव कार्यों की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
एनडीआरएफ कर्मियों ने विद्यार्थियों को आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्य एवं सतर्कता से कार्य करने तथा उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ अन्य लोगों की सहायता करने के महत्वपूर्ण उपाय भी बताए गए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की डीन डॉ सरला लखावत ने एनडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में आपदा के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास और बचाव कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य में किसी भी आपातकालीन स्थिति में जिम्मेदारीपूर्वक एवं प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए तैयार करना था।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों एवं अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा एनडीआरएफ के जवानों से आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रोग्राम अधिकारी डॉ मोनिका राय के द्वारा किया गया I
