उदयपुर। साई तिरुपति विश्वविद्यालय, उमरड़ा के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस ) प्रकोष्ठ के सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत बुधवार को आशाधाम आश्रम, उदयपुर में दान एवं सहयोग अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने आश्रम में रह रहे जरूरतमंद लोगों के लिए कपड़े, जूते-चप्पल, चादर, बैग, स्वच्छता की सामग्री एवं दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की।
कार्यक्रम में एनएसएस प्रकोष्ठ से दीपक तेली, डॉ अवंतिका गुप्ता, डॉ मालदेव राणा, डॉ सुरेश देव, यश एवं मुस्कान सहित विश्वविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य, डॉ राज्यलक्ष्मी चेपुरु, डॉ अभिषेक मुखर्जी, डॉ शिवांगी यादव, पंकज मेनारिया, प्रेम प्रकाश साल्वी, इंटर्न और एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर एकत्रित सामग्री आश्रम प्रबंधन को सौंपी, ताकि जरूरतमंद लोगों तक इसका उचित वितरण किया जा सके।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन आशीष अग्रवाल ने बताया कि साई तिरुपति विश्वविद्यालय का एनएसएस प्रकोष्ठ समय-समय पर इस तरह के सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण अभियान आयोजित करता रहता है। इन अभियानों का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज सेवा से जोड़ना और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए प्रेरित करना था। आश्रम प्रबंधन ने विश्वविद्यालय के एनएसएस प्रकोष्ठ एवं पूरी टीम के इस सराहनीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया। इस अभियान के माध्यम से एनएसएस स्वयंसेवकों ने यह संदेश दिया कि छोटे-छोटे प्रयासों से भी समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है और जरूरतमंदों की सहायता करना ही सच्ची समाज सेवा है।
