उदयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश भर में चलाए जा रहे विकसित भारत-जनसेवा अभियान के तहत आंगनवाड़ी कार्मिकों को सम्मानित करने तथा महिलाओं को पोषण संबंधी जानकारी देने के लिए आंगन मिलन सेवा के रूप में नवाचार किया जा रहा है।
इसी कड़ी में शनिवार को जिले के 800 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम हुए।
जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करना तथा विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने की मंशा के साथ आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं, किशोरियों आदि ने भाग लिया।महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक नंदलाल मेघवाल ने बताया कि जिले में 2394 आंगनवाड़ी केन्द्र क्रियाशील है।
अभियान के पहले दिन शुक्रवार को 850 केन्द्रों पर कार्यक्रम हुए। वहीं शनिवार को भी 800 से अधिक केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा के तहत विविध गतिविधियां हुई।
इसमें आई.सी.डी.एस. की डेढ़ हजार से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका का सम्मान किया गया। विभाग से इन्हें सम्मानस्वरूप प्लान्टर तथा माननीय प्रधानमंत्री महोदय, का संदेश भेंट किया गया।
साथ ही आंगनवाड़ी केन्द्रों पर पोषण माह की गतिविधियां यथा अन्नप्राशन, गोदभराई, प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। साथ ही चिकित्सा विभाग के कार्मिक यथा ए.एन.एम./आशा सहयोगिनी द्वारा लाभार्थीयों का परीक्षण किया गया।
शेष आंगनवाड़ी केन्द्रों पर रविवार को कार्यक्रम होगा।श्री मेघवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत विभिन्न विभागों स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, राजस्व, कृषि विभाग आदि के कार्मिकों, विधालय के शिक्षकों/विधार्थियों, राजिविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, पोषण सखियों एवं अधिकाधिक जनसमुदाय की भागीदारी रही।
आंगनबाडी केन्द्र पर रंगोली, चित्रकला, कहानी /कविता पठन, लाभार्थियों से संवाद तथा अनुभवों को साझा करना, योजनाओं की जानकारी एवं नवीन लाभार्थियों का पंजीकरण आदि गतिविधियां भी आयोजित की गई।
