भीलवाड़ा। संगम ग्रुप में दीपों की जगमगाहट और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच दीपावली स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।
इस अवसर पर सीएचआरओ श्री अरबिंद मिश्रा ने अपने संबोधन में वर्षभर की प्रमुख उपलब्धियों, संगठन में हुए नए परिवर्तनों, विभिन्न नवाचारों एवं महत्वपूर्ण पहलों का उल्लेख करते हुए भविष्य की कार्ययोजना और नई दिशा पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में वर्षभर उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में एम्प्लॉई ऑफ द ईयर, सेल्सपर्सन ऑफ द ईयर, लीडर ऑफ द ईयर एवं चेयरमैन अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संगम ग्रुप के चेयरमैन श्री रामपाल सोनी ने लीडर ऑफ द ईयर अवार्ड एन.के. गोखरू को प्रदान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन श्री रामपाल सोनी ने कहा कि संगम ग्रुप की सफलता सभी कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है। सभी ने एकजुट होकर कार्य किया है, जिसके फलस्वरूप समूह निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। उन्होंने सभी से इसी टीम भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संगम ग्रुप के वाइस चेयरमैन डॉ. एस.एन. मोदानी, मैनेजिंग डायरेक्टर श्री अनुराग सोनी, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री वी.के. सोडाणी एवं सीईओ श्री प्रणल मोदानी ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन सीएचआरओ श्री अरबिंद मिश्रा एवं पीआरओ डॉ. राजकुमार जैन ने किया। समारोह का समापन रंगारंग आतिशबाजी एवं मधुर संगीत के बीच हर्षोल्लास के वातावरण में हुआ।
