मुख्य सामग्री पर जाएँ
शनिवार, 26 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Sangam University News

संगम विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया

भीलवाड़ा। संगम विश्वविद्यालय परिसर में देशभक्ति, उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में राष्ट्रीय भावना और सांस्कृतिक विविधता का सुंदर संगम देखने को मिला।

WAf𝕏TGin✉🖨
संगम विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया
1 / 2

भीलवाड़ा। संगम विश्वविद्यालय परिसर में देशभक्ति, उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में राष्ट्रीय भावना और सांस्कृतिक विविधता का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के  कुलपति प्रो. करुणेश सक्सेना तथा रजिस्ट्रार डॉ. आलोक कुमार रहे।

समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ। कुलपति प्रो. करुणेश सक्सेना एवं रजिस्ट्रार डॉ. आलोक कुमार ने एनसीसी कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत भव्य परेड का गार्ड निरीक्षण किया तथा राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति से ओत-प्रोत शानदार परेड प्रस्तुत की। कैडेट्स के कदमताल और राष्ट्रभक्ति से भरे वातावरण ने समारोह में उपस्थित सभी लोगों में उत्साह का संचार किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीतों, प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और विविधता में एकता का संदेश प्रभावशाली ढंग से दिया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों और प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। कुलपति प्रो. करुणेश सक्सेना एवं रजिस्ट्रार डॉ. आलोक कुमार ने शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक क्षेत्रों, खेलकूद, एनसीसी, पदोन्नति, शोध एवं अन्य उल्लेखनीय गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले फैकल्टी सदस्यों, स्टाफ तथा छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

सम्मान समारोह ने विश्वविद्यालय के उन सदस्यों को प्रोत्साहित किया जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए संस्थान की प्रतिष्ठा को बढ़ाया है। इस अवसर पर शोध, नवाचार, अकादमिक उपलब्धियों, खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में विद्यार्थियों और स्टाफ के योगदान को विशेष रूप से सराहा गया।

अपने संबोधन में कुलपति प्रो. करुणेश सक्सेना ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के विकास, अनुशासन, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुराग शर्मा एवं डॉ. श्वेता बोहरा ने किया। समारोह में विश्वविद्यालय के सभी फैकल्टी सदस्य, अधिकारी, स्टाफ, एनसीसी कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। पूरे परिसर में तिरंगे और देशभक्ति के उत्साह के बीच स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय परिवार के लिए प्रेरणादायी और यादगार रहा।