उदयपुर | महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल, उदयपुर में रोटरी क्लब उदयपुर द्वारा प्रायोजित इंटरैक्ट क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, सेवा संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
समारोह के मुख्य अतिथि रोटेरियन आशीष सिंह रहे। इस अवसर पर रोटरी क्लब उदयपुर के अध्यक्ष रोटेरियन हितेश पानेरी, सचिव रोटेरियन दीपक सुखाड़िया, जिला गवर्नर रोटेरियन विजय वधवानी, कोषाध्यक्ष रोटेरियन डॉ. दीपक शर्मा, रोटेरियन वसंत खमेसरा, सहायक गवर्नर रोटेरियन दीपक गोयल, प्रधानाध्यापिका श्रीमती राखी त्रिवेदी सहित रोटरी पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ देव प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं अतिथियों के स्वागत से हुआ। पूर्व अध्यक्ष हिमानी भाणावत ने क्लब की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके पश्चात नवनिर्वाचित अध्यक्ष शौर्यवर्धन सिंह, सचिव चंद्रजा चौहान, उपाध्यक्ष सैयद मोहम्मद हमजा एवं कोषाध्यक्ष गौरिका त्रिवेदी सहित सभी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर बैज प्रदान किए गए।
विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उल्लास भर दिया। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन, करुणा एवं सेवा भावना के साथ दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाध्यापिका ने नई टीम को शुभकामनाएँ दीं।
अध्यक्ष शौर्यवर्धन सिंह ने क्लब की गतिविधियों को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम का संयोजन क्लब प्रभारी श्रीमती विभा शर्मा एवं श्रीमती ऋचा गौड़ के मार्गदर्शन में हुआ।
