मुख्य सामग्री पर जाएँ
शनिवार, 26 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Education News

विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर फार्मेसी सप्ताह का हुआ समापन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

उदयपुर । जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय) के डिपार्टमेंट ऑफ फार्मेसी में आयोजित फार्मेसी सप्ताह का समापन शुक्रवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर हर्षोल्लास के साथ हुआ। समारोह में बी.

WAf𝕏TGin✉🖨
विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर फार्मेसी सप्ताह का हुआ समापन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

उदयपुर । जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय) के डिपार्टमेंट ऑफ फार्मेसी में आयोजित फार्मेसी सप्ताह का समापन शुक्रवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर हर्षोल्लास के साथ हुआ। समारोह में बी. फार्मा एवं डी. फार्मा के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं और खेलकूद गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. मंजू मांडोत ने कहा कि वर्तमान समय में फार्मासिस्ट संपूर्ण हेल्थकेयर इंडस्ट्री की महत्वपूर्ण कड़ी बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि बदलते चिकित्सा परिवेश में फार्मेसी के क्षेत्र में नई दवाओं की खोज के साथ नवाचार और अनुसंधान पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। फार्मासिस्टों को समाज की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अपनी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाना होगा।

विभागाध्यक्ष डॉ. उदयभान सिंह राठौड़ ने कहा कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में फार्मासिस्ट की प्रासंगिकता पहले की तुलना में कई गुना बढ़ गई है। ऐसे में फार्मेसी के विद्यार्थियों और पेशेवरों के लिए आधुनिक तकनीक, नवीनतम जानकारी और बदलती चिकित्सा पद्धतियों से निरंतर अपडेट रहना आवश्यक है।

समारोह के दौरान फार्मेसी सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में उमराव सिंह राणावत, डॉ. गौरांग त्रिवेदी, डॉ. गजेंद्र सिंह राठौड़, डॉ. कीर्ति राठौड़, डॉ. वैशाली, डॉ. परीक्षित, सुनाली, नीलम, लक्ष्मण सिंह, नरेश सहित फार्मेसी विभाग के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।