उदयपुर। महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल, द सिटी पैलेस, उदयपुर में आज स्पिक मैके (SPIC MACAY) के तत्वावधान में भारतीय संगीत एवं सांस्कृतिक विरासत को समर्पित एक भव्य एवं भावपूर्ण संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय, लोक एवं भक्ति संगीत की समृद्ध परंपराओं से परिचित कराना तथा देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के प्रति उनमें रुचि और सम्मान विकसित करना था।
इस अवसर पर मालवा की सुप्रसिद्ध पराग बहनों—श्रीमती गीता पराग एवं सुश्री लीला पराग ने मालवा की निर्गुण भक्ति परंपरा पर आधारित अपनी मनमोहक एवं भावपूर्ण गायन प्रस्तुतियों से उपस्थित विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती राखी त्रिवेदी, वरिष्ठ समन्वयक श्री संजय श्रीमाल एवं मुख्य समन्वयक सुश्री पारुल मेहता ने कलाकारों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
संगीतमय आयोजन का शुभारंभ गुरु वंदना से हुआ। इसके पश्चात प्रस्तुत ‘राम रस पी ले मेरी भाई’, संत कबीर के भजन ‘क्या लेकर आया जगत में’ तथा राजस्थान के आराध्य लोकदेवता बाबा रामदेवजी की स्तुति में प्रस्तुत भजनों ने संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय एवं आध्यात्मिक भावनाओं से ओतप्रोत कर दिया। कलाकारों की सुमधुर आवाज़, भावपूर्ण गायकी एवं पारंपरिक संगीत शैली ने भारतीय लोक एवं निर्गुण भक्ति संगीत की मौखिक परंपरा की गहन आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक सुंदरता को जीवंत कर दिया।
इन प्रस्तुतियों में श्री राम सांवरिया ने नगाड़े, सुश्री तनु विजय ने हारमोनियम तथा श्री संजय डोडियार ने ढोलक पर प्रभावशाली संगत प्रदान कर कार्यक्रम की संगीतमय गरिमा को और अधिक समृद्ध किया।
कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली मंच संचालन केनिशा कोठारी एवं चित्राक्षी राठौड़ ने किया।
यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि भारतीय लोक एवं भक्ति संगीत की विरासत को निकट से जानने, समझने और आत्मसात करने का एक अनूठा अनुभव सिद्ध हुआ। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों को भारतीय संत परंपरा, लोक संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ने की प्रेरणा प्रदान की।
स्पिक मैके के इस सार्थक सांस्कृतिक प्रयास ने विद्यालय परिसर में भारतीय संगीत एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति नई ऊर्जा, संवेदनशीलता और गौरव का संचार किया।
