अरावली की सुरम्य पहाड़ियों, हरे-भरे जंगलों, झीलों और ऐतिहासिक महलों के बीच बसा लगभग वर्ष 800 वर्ष पुराना डूंगरपुर केवल दक्षिण राजस्थान का एक खूबसूरत शहर ही नहीं, बल्कि अपने भीतर सदियों का इतिहास, सांस्कृतिक वैभव और भविष्य के सपनों को संजोए एक अनूठी नगरी है। वागड़ अंचल का गुजरात की राजधानी गाँधी नगर से सटा यह गौरवशाली नगर अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध राजवंशीय परंपरा और आदिवासी संस्कृति के कारण देश के विशिष्ट ऐतिहासिक नगरों में अलग पहचान रखता है। इसे सपनों का शहर कहना इसलिए भी सार्थक है क्योंकि यहां प्रकृति और इतिहास के साथ विकास और आधुनिकता की संभावनाएं भी कदमताल करती दिखाई देती हैं।
डूंगरपुर का इतिहास लगभग आठ शताब्दियों की एक ही रक्त वंश वाले गुहिलोत-आहड़ा राजवंशीय परंपरा से जुड़ा है। भारत में ऐसे कम ही राजवंश रहें हैं जिनमें एक ही राज-परिवार के शासकों ने शासन किया। मेवाड़ के ऐतिहासिक सिसोदिया राजवंश के महाराणाओं यानी वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की ज्येष्ठ शाखा यानी बड़े भाइयों वाले इस राजवंश ने वागड़ की धरती पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। आजादी से पहले की अंतिम एक सदी के तीन महारावल उदय सिंह, महारावल विजय सिंह और महारावल लक्ष्मण सिंह जैसे शासकों के दौर में डूंगरपुर ने प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की और सामाजिक कुरीतियों कन्याओं की हत्या, दापा-दहेज प्रथा आदि के विरुद्ध कानून बनाए और विधवा विवाह जैसे सामाजिक सुधारों को प्रोत्साहित कर उदाहरण प्रस्तुत किया।डूंगरपुर की ऐतिहासिक विशेषता यह भी रही कि उसने अपने समय से आगे सोचने का साहस दिखाया। वर्ष 1909 में डूंगरपुर में बालिकाओं की शिक्षा के लिए अलग से देवेंद्र गर्ल्स स्कूल की स्थापना की और कालान्तर में आदिवासी समाज के बच्चों की शिक्षा के लिए भी गैंजी गाँव में विद्यालय शुरू किया। प्रतिभावान विद्यार्थियों को छात्रवृत्तियां देकर उच्च शिक्षा के लिए बाहर भेजना भी राज्य की दूरदर्शी सोच का परिचायक था। शिक्षा, चिकित्सा, बिजली, सड़क, पेयजल, सिंचाई और नगर प्रशासन के क्षेत्र में विकसित व्यवस्थाओं ने इस छोटी रियासत को विशिष्ट पहचान प्रदान की। डूंगरपुर के अन्तिम शासक महारावल लक्ष्मण सिंह के शासनकाल में रियासत की प्रगतिशील छवि और मजबूत हुई।
डूंगरपुर शहर की पहचान उसके ऐतिहासिक स्थापत्य में भी झलकती है। पुराने शहर में स्थित जूनामहल की भव्यता, गैपसागर झील का मनोहारी सौंदर्य, बादल महल की ऐतिहासिक आभा और उदय बिलास पैलेस की स्थापत्य गरिमा यहां आने वाले पर्यटकों को अतीत की दुनिया में ले जाती है। गैपसागर के शांत जल में प्रतिबिंबित मंदिरों और महलों का दृश्य डूंगरपुर को एक अलग ही सौंदर्य प्रदान करता है लेकिन डूंगरपुर की आत्मा केवल उसके महलों और झीलों में नहीं बसती। यहां की भील और आदिवासी संस्कृति, लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक मेले, वेशभूषा और सामुदायिक जीवन इस अंचल की वास्तविक पहचान हैं। प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व की यहां की परंपरा आधुनिक पर्यावरण संरक्षण के लिए भी प्रेरणा देती है।
स्वतंत्रता के बाद भी डूंगरपुर की प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय जीवन में अपनी छाप छोड़ी। अन्तिम शासक महारावल लक्ष्मण सिंह ने लोकतांत्रिक राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई और वे राजस्थान विधान सभा के अध्यक्ष भी बने, वहीं उनके छोटे भाई डॉ नागेन्द्र सिंह ने भारत के राष्ट्रपति के सचिव मुख्य निर्वाचन आयुक्त रहने के साथ ही अन्तर्राष्ट्रीय न्यायालय हेग में मुख्य न्यायाधीश के पद पर रह कर भारत का गौरव बढ़ाया । इसी प्रकार उनके पुत्र राजसिंह डूंगरपुर ने भारतीय क्रिकेट प्रशासन में बीसीसीआई का अध्यक्ष पद तक पहुँच कर उल्लेखनीय प्रतिष्ठा अर्जित की। वहीं डूंगरपुर के ही सपूत लेफ्टिनेंट जनरल नाथूसिंह ने भारतीय सेना का गौरव बढ़ाया। हरिदेव जोशी जिनकी स्वतंत्रता आंदोलन में कर्म भूमि डूंगरपुर रहीं राजस्थान के तीन बार मुख्यमंत्री रहे । सांसद एवं राज्य में कैबिनेट मंत्री रहे भीखाभाई भील राष्ट्रीय अनुसूचित जाति और जनजाति आयोग के अध्यक्ष रहे । यह इस धरती की बहुआयामी प्रतिभा का प्रमाण है।
डूंगरपुर सचमुच सपनों का शहर है। यहां अतीत की गौरवगाथा है, वर्तमान की जीवंतता है और भविष्य की अनंत संभावनाएं हैं। इसकी पहाड़ियां इतिहास सुनाती हैं, झीलें सौंदर्य बिखेरती हैं और यहां की संस्कृति जीवन का उत्सव मनाती है।डूंगरपुर केवल एक शहर नहीं, एक एहसास है—एक ऐसी विरासत, जो पत्थरों में इतिहास, झीलों में सौंदर्य, पहाड़ियों में प्रकृति का संगीत और लोगों के हृदय में आत्मीयता बनकर जीवित है। यहां की हवाएं अतीत की गौरवगाथाएं सुनाती हैं, महलों की दीवारें समय की साक्षी बनकर खड़ी हैं और वागड़ की धरती अपनी संस्कृति, सरलता और जीवंतता से हर आगंतुक के मन में एक अमिट छाप छोड़ जाती है।यह वह शहर है, जहां इतिहास सिर उठाकर गर्व करना सिखाता है, प्रकृति आंखें बंद कर महसूस करना और भविष्य खुली आंखों से सपने देखना। डूंगरपुर की खूबसूरती केवल उसकी झीलों, पहाड़ियों और महलों में नहीं, बल्कि उसकी आत्मा में बसती है—उस आत्मा में, जो सदियों बाद भी अपनी पहचान, परंपरा और गौरव को उसी शिद्दत से संजोए हुए है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के तहत डूंगरपुर ने पूर्व नगरपरिषद अध्यक्ष और वर्तमान में राजस्थान के स्वच्छता अभियान एम्बेसेडर के के गुप्ता के प्रयासों से स्वच्छता के लिए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर अपनी एक अलग ही पहचान बनाई हैं।डूंगरपुर समय की धारा में बहता कोई साधारण शहर नहीं, बल्कि इतिहास, प्रकृति और मानवीय संवेदनाओं का ऐसा अमर संगम है, जहां एक बार आने वाला व्यक्ति इसकी स्मृतियों को अपने हृदय में हमेशा के लिए बसा लेता है। सचमुच, डूंगरपुर एक शहर नहीं, एक सपना है—और कुछ सपने कभी टूटते नहीं, वे पीढ़ियों के दिलों में जीवित रहते हैं।आज डूंगरपुर के सामने पर्यटन, विरासत संरक्षण, आदिवासी विकास, शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों के माध्यम से अपनी पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की अपार संभावनाएं हैं। आवश्यकता है कि ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण हो, पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाए और स्थानीय संस्कृति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
- गोपेन्द्र नाथ भट्ट
