जयपुर। देशभर की उभरती युवा संगीत प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने वाला सुर संगम का 37वां राष्ट्रीय युवा संगीत समारोह एवं राष्ट्रीय गायन प्रतिभा प्रतियोगिता-2026 आगामी 1 एवं 2 अक्टूबर को जयपुर के टोंक रोड स्थित होटल बीलवा पैलेस में आयोजित होगा।
दो दिवसीय इस राष्ट्रीय आयोजन में देश के 10 राज्यों की 70 से अधिक चयनित युवा प्रतिभाएं अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इस वर्ष यह आयोजन सुर संगम संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष स्व. के.सी. मालू को समर्पित रहेगा।
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े दो अक्टूबर सायं विजेता प्रतिभागियों को अवार्ड प्रदान करेंगे।सुर संगम के राष्ट्रीय महासचिव मुकेश अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित प्रतिभागी शास्त्रीय, सुगम एवं लोक संगीत की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
समारोह में देश के प्रतिष्ठित संगीतज्ञों एवं कलाकारों की उपस्थिति युवा प्रतिभाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।*पद्मभूषण पं. विश्व मोहन भट्ट होंगे मुख्य निर्णायक*उन्होंने बताया कि देश भर से जयपुर पहुँचने वाली प्रतिभाओं के मूल्यांकन के लिए संगीत जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों का एक निर्णायक मंडल गठित किया गया है।पद्मभूषण पं. विश्व मोहन भट्ट समारोह के मुख्य निर्णायक होंगे।
उनके साथ पद्मश्री पिनाज़ मसानी, बॉलीवुड संगीतकार दीपक पंडित, शास्त्रीय गायिका प्रतिभा बघेल,मधु भट्टतेलंग, संगीतकार समीर सेन एवं बॉलीवुड गायक राजा हसन सहित प्रतिष्ठित संगीतज्ञ निर्णायक मंडल में चयनित प्रतिभाओं का मूल्यांकन करेंगे।*दो दिन संगीत, प्रतियोगिता और सुरों का उत्सव*समारोह का उद्घाटन 1 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे राजस्थान के नगरीय विकास और आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा करेंगे ।उद्घाटन के बाद विभिन्न वर्गों की गायन प्रतियोगिताएं प्रारंभ होंगी।
शाम 6 बजे से सुगम एवं लोक संगीत समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें चयनित कलाकारों द्वारा विविध संगीतमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी।2 अक्टूबर को प्रातः 10:30 बजे से विभिन्न वर्गों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
इसके पश्चात शाम 4:30 बजे से ‘सुरश्री राउंड’ होगा, जिसमें प्रतियोगिता के श्रेष्ठ प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
समारोह का पुरस्कार वितरण कार्यक्रम शाम 7 बजे आयोजित किया जाएगा।*राजस्थान पत्रिका देगा एक लाख रुपए का ‘मिलाप कोठारी स्मृति अवार्ड’, 50 हजार रु का निर्मल तारा सेठिया ‘रतन धन अवार्ड’ और पूर्णिमा हैंडीक्राफ्ट की ओर से 50 हजार रु के ‘गणेश राणा स्मृति पुरस्कार’ दिए जायेंगे*राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जायेंगे ।
प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली प्रतिभा को राजस्थान पत्रिका की ओर से 1 लाख रुपए का ‘मिलाप कोठारी स्मृति अवार्ड’ प्रदान किया जाएगा।इसके अतिरिक्त निर्मल तारा सेठिया की ओर से ‘रतन धन अवार्ड’ के अंतर्गत 50 हजार रुपए के चार प्रथम पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
वहीं पूर्णिमा हैंडीक्राफ्ट की ओर से 50 हजार रुपए का ‘गणेश राणा स्मृति पुरस्कार’ प्रदान किया जाएगा।सुर संगम के संयोजक प्रसन्नजीत मालू ने बताया कि आयोजन को लेकर देशभर के प्रतिभागियों में उत्साह है और दो दिनों तक जयपुर में युवा प्रतिभाओं के साथ संगीत जगत के प्रतिष्ठित कलाकारों का विशेष संगम देखने को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि 1977 में स्थापित सुर संगम संस्थान के गोल्डन जुबली वर्ष में आयोजित किया जा रहा यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देश की युवा संगीत प्रतिभाओं को प्रतिष्ठित मंच उपलब्ध कराने और भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सतत प्रयास है।
37 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा सुर संगम का यह राष्ट्रीय आयोजन देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।
