मुख्य सामग्री पर जाएँ
मंगलवार, 17 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
National News

भारतीय सेना ने ऑपरेशन सद्भावना के अंतर्गत नागालैंड के विद्यार्थियों के लिए जयपुर में राष्ट्रीय एकता यात्रा का आयोजन

जयपुर | राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल

WAf𝕏TGin✉🖨
भारतीय सेना ने ऑपरेशन सद्भावना के अंतर्गत नागालैंड के विद्यार्थियों के लिए जयपुर में राष्ट्रीय एकता यात्रा का आयोजन

       जयपुर |  राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भारतीय सेना ने ऑपरेशन सद्भावना के अंतर्गत नागालैंड के विद्यार्थियों के लिए जयपुर में राष्ट्रीय एकता यात्रा का आयोजन किया है।

          इस यात्रा का उद्देश्य देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र के विद्यार्थियों को राजस्थान की राजधानी जयपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों एवं जीवंत परंपराओं से परिचित कराना है। साथ ही, यह यात्रा विद्यार्थियों को विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि के लोगों से संवाद स्थापित करने का अवसर प्रदान करती है, जिससे वे भारत की विविधता में एकता की भावना को अनुभव कर सकें, देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समझ सकें तथा उनमें राष्ट्रीय गौरव एवं अपनेपन की भावना और अधिक सुदृढ़ हो सके। इस 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में 13 विद्यार्थी, दो शिक्षक तथा सात अन्य सहयोगी सदस्य शामिल हैं।

          यात्रा के दौरान सप्त शक्ति कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मोहित मल्होत्रा ने नागालैंड से आए विद्यार्थियों के साथ संवाद किया तथा उनके अनुभवों एवं भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को इस यात्रा से प्राप्त अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने, समर्पण एवं लगन के साथ शिक्षा प्राप्त करने तथा अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने हेतु प्रेरित किया।

          आर्मी कमांडर ने राष्ट्रीय एकता, विविधता में एकता एवं आपसी समझ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। यह संवाद विद्यार्थियों के लिए वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व से सीधे बातचीत करने, उनके अनुभवों से सीखने तथा बहुमूल्य मार्गदर्शन एवं प्रेरणा प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा।

          जयपुर प्रवास के दौरान विद्यार्थी शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्मारकों एवं सांस्कृतिक स्थलों की यात्रा करेंगे। इस यात्रा कार्यक्रम को इस प्रकार तैयार किया गया है कि विद्यार्थियों को कक्षा की सीमाओं से परे सार्थक शैक्षणिक अनुभव प्राप्त हों, उनकी सोच एवं दृष्टिकोण का विस्तार हो तथा वे शिक्षा एवं व्यावसायिक जीवन में उच्च उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित हों।

          यह पहल ऑपरेशन सद्भावना के अंतर्गत सामुदायिक विकास, युवा सहभागिता, शैक्षणिक अनुभवों को बढ़ावा देने तथा देश के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने के प्रति भारतीय सेना की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

          प्रतिभागी विद्यार्थियों के लिए यह यात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने का अवसर नहीं, बल्कि नई खोज, ज्ञानार्जन एवं मित्रता का एक यादगार अनुभव है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के मन में अविस्मरणीय स्मृतियां संजोना, परस्पर सम्मान की भावना विकसित करना तथा इस विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करना है कि भौगोलिक, भाषाई एवं सांस्कृतिक विविधताओं के बावजूद भारत के सभी नागरिक एक साझा राष्ट्रीय पहचान के सूत्र में बंधे हुए हैं।

          इस प्रकार की पहलों के माध्यम से भारतीय सेना राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निरंतर निर्वहन कर रही है। साथ ही, युवा पीढ़ी को आपस में जोड़ने, उनके उज्ज्वल भविष्य को संवारने तथा राष्ट्रीय एकता की नींव को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में सार्थक योगदान दे रही है।