जयपुर | रक्षा पेंशनभोगियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों की पेंशन संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 23 नवंबर 2026 को जयपुर में विशेष स्पर्श (SPARSH) आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक (दक्षिण पश्चिमी कमान)जयपुर द्वारा भारतीय सेना की सप्त शक्ति कमान के समन्वय से आयोजित यह शिविर सप्त शक्ति ऑडिटोरियम, जयपुर में प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक आयोजित होगा।
रक्षा मंत्रालय के रक्षा लेखा महानियंत्रक (CGDA) के मार्गदर्शन में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC) 5.0 अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व सैनिकों एवं पारिवारिक पेंशनधारकों को सीधे सहायता उपलब्ध कराना है।
शिविर में स्पर्श पोर्टल से संबंधित पेंशन शिकायतों के निवारण, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने तथा पेंशन प्रोफाइल में आवश्यक संशोधन एवं अद्यतन करने जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। इसके माध्यम से पेंशनभोगियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से सीधे संवाद करने का अवसर भी मिलेगा।
जयपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के सभी रक्षा पेंशनधारक एवं पारिवारिक पेंशनधारक शिविर में अपने आवश्यक दस्तावेजों, जैसे पेंशन भुगतान आदेश (PPO), आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं बैंक खाते के विवरण के साथ उपस्थित होकर इन सुविधाओं से लाभान्वित हो सकते हैं.