मुख्य सामग्री पर जाएँ
शनिवार, 26 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

72 घंटे पानी का संकट: पंकज कुमार शर्मा ने पूछा—आमजन की प्यास का जिम्मेदार कौन?

उदयपुर | शहर में 72 घंटे तक जलापूर्ति प्रभावित रहने की सूचना से आमजन की चिंता बढ़ गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता

WAf𝕏TGin✉🖨

उदयपुर |  शहर में 72 घंटे तक जलापूर्ति प्रभावित रहने की सूचना से आमजन की चिंता बढ़ गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रशासन से जवाब मांगा है।

शर्मा ने कहा कि लगातार तीन दिन तक पानी की आपूर्ति प्रभावित रहना आम परिवारों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है। पीने के पानी के अलावा खाना बनाने, बच्चों, बुजुर्गों, सफाई और अन्य जरूरी कार्यों के लिए भी पानी की आवश्यकता होती है। ऐसे में जिन परिवारों के पास पर्याप्त पानी संग्रहित करने की सुविधा नहीं है, उनकी परेशानी और बढ़ सकती है।

उन्होंने कहा कि यदि जलापूर्ति बाधित रहने की जानकारी पहले से है तो प्रशासन को केवल सूचना जारी करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त टैंकर और वैकल्पिक जलापूर्ति की ठोस व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रभावित क्षेत्रों में कितने टैंकर लगाए जाएंगे, उनकी निगरानी कौन करेगा और आवश्यकता पड़ने पर आमजन तक पानी कितनी जल्दी पहुंचाया जाएगा।

शर्मा ने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों की सूची, टैंकर व्यवस्था और शिकायत के लिए संपर्क नंबर सार्वजनिक किए जाएं। साथ ही अस्पताल, स्कूल, छात्रावास और वृद्धजनों सहित आवश्यक संस्थानों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि आमजन से पानी बचाने की अपील जरूरी है, लेकिन 72 घंटे के जल संकट के दौरान प्रशासन की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। लोगों को अपनी जरूरत के पानी के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए समय रहते प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए।