उदयपुर। विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत प्रदेश भर में 25 से 27 सितंबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम जिले के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर होगा।
अभियान का उद्देश्य जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को मजबूत करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल और अभियान के प्रभारी सीईओ जिला परिषद प्रीतम कुमार ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए निर्देशित किया है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, राजस्व एवं कृषि सहित विभिन्न विभागों के कार्मिकों, विद्यालयों के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों, राजीविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, पोषण सखियों तथा अधिकाधिक आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।यह होंगी गतिविधियां‘आंगन मिलन सेवा’ के दौरान प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर रंगोली, चित्रकला, कहानी-कविता पाठ, लाभार्थियों से संवाद एवं अनुभव साझा करना, विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने तथा नए लाभार्थियों के पंजीयन जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, माइक, फर्नीचर एवं बैठक सहित आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहयोगिनियों का होगा सम्मानकार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा सहयोगिनियों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके लिए संस्थान प्रधानों, वरिष्ठ शिक्षकों, चिकित्सकों एवं जनप्रतिनिधियों आदि की आंगनबाड़ी केंद्रवार मैपिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहकर सक्रिय सहभागिता एवं निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अभियान की गतिविधियों की रिपोर्टिंग ‘विकसित भारत जनसेवा’ पोर्टल पर की जाएगी।
आमजन भी कार्यक्रम में भाग लेकर पोर्टल के सिटीजन वेबपेज के माध्यम से मोबाइल ओटीपी से कार्यक्रम की रिपोर्ट भर सकेंगे।विभाग ने पूर्ण की तैयारियांमहिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक नंदलाल मेघवाल ने बताया कि जिला कलक्टर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के निर्देशन में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
25 से 27 सितम्बर तक आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम को लेकर शिड्यूल जारी कर दिया गया है। इसके अनुरूप संबंधित केंद्रों पर सभी जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही हैं।