उदयपुर । राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के तत्वावधान में जिला एवं सेशन न्यायाधीश (अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) ज्ञान प्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता एक दिवसीय मध्यस्थता प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला एवं सेशन न्यायालय परिसर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नालसा गीत, राष्ट्रगीत एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।एडीजे एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राहुल चौधरी ने बताया कि आयोजित एक दिवसीय मध्यस्थता प्रशिक्षण कार्यक्रम में 7 जिलों के 28 न्यायिक अधिकारीगणों को मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला एवं सेशन न्यायाधीश ज्ञान प्रकाश गुप्ता, जिला एवं सेशन न्यायाधीश प्रतापगढ आशा कुमारी, विशिष्ट न्यायाधीश एसीडी न्यायालय क्रम संख्या 2 जोधपुर मेट्रो (मास्टर ट्रेनर) अर्चना मिश्रा, एवं अधिवक्ता राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर (मास्टर ट्रेनर) प्रमिला आचार्य मंचासीन रहे।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, सिरोही, जालौर कुल 7 जिलों के चयनित न्यायिक अधिकारीगणों ने भाग लिया।मास्टर ट्रेनर अर्चना मिश्रा एवं प्रमिला आचार्य ने मध्यस्थता की बारिकियों के बारे में बताया कि मध्यस्थता केवल विवाद सुलझाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह रिश्तों को टूटने से बचाने और समय व धन की बचत करने वाली सबसे प्रभावी वैकल्पिक विवाद समाधान (ए.डी.आर.) प्रणाली है।
उन्होंने मध्यस्थता अधिनियम के प्रावधानों, गोपनीयता, निष्पक्षता और संवाद कौशल की बारीकियों पर विस्तार से प्रकाश डाला ।लाइव रोल-प्ले एवं व्यावहारिक समाधानप्रशिक्षण को व्यावहारिक बनाने के लिए प्रतिभागियों के बीच पारिवारिक और संपत्ति विवादों पर आधारित ‘रोल-प्ले’ सत्र आयोजित किए गए एवं तकनीकों का जीवंत अभ्यास कराया गया।
साथ ही राजीनामा योग्य प्रकरणों में विवादित पक्षों की जिद से हटकर उनकी वास्तविक जरूरतों को समझकर जीत-जीत (विन-विन) की स्थिति बनाई जा सके जिससे मध्यस्थता के माध्यम से प्रकरण का हमेशा के लिए निपटारा किया जा सके।
