उदयपुर/राजसमन्द । सामाजिक एकता और समरसता आज के समाज की सर्वोपरि आवश्यकता है।
शिक्षा, संस्कार और परस्पर आपसी सहयोग की मजबूत भावना ही एक सभ्य समाज का निर्माण करती है।
यह बात रविवार को सीसारमा स्थित ठाड़ा कृषि फार्म पर आयोजित हुए ब्राह्मण बड़ा नागदा समाज कल्याण संस्थान की प्रतिनिधि सभा के अधिवेशन में डाॅ. भगवती प्रकाश शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कही।
उन्होंने कहा कि हमें अपने समाज की गौरवशाली परम्परा व मूल्यों पर गर्व है लेकिन बदलते समय के साथ आने वाली विभिन्न चुनौतियों का भी सामना करने के लिए तत्पर रहना होगा।
इसके लिए युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाकर ‘सर्व जन हिताय’ के ध्येय के साथ काम करना चाहिए।सर्वप्रथम अधिवेशन के आरंभ में महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डाॅ. उमाशंकर शर्मा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि आज के बदलाव के दौर में युवाओं की भूमिका अहम है और वे समाज के अनुभवी व्यक्तियों के मार्गदर्शन से सामाजिक विकास में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर संस्थान के महामंत्री डाॅ. नारायण लाल जोशी ने भी समाज की उन्नति के लिए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा व संस्कार के माध्यम से ही राष्ट्रसेवा के भाव का जागरण होता है।इस अवसर पर विशेष आमंत्रित अतिथियों में श्री धर्मनारायण जोशी को विप्र फाउंडेशन के ऐतिहासिक संकल्प श्री परशुराम मूर्ति स्थापना समिति के चेयरमेन मनोनित होने तथा गत दिनों सम्पन्न हुए नगर निकाय चुनाव में श्री दिनेश भट्ट के नगर निगम में उप महापौर पद पर निर्वाचित होने पर सम्मानित किया गया।
उन्होंने भी अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ वाली रही है।नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का भी हुआ सम्मान कार्यक्रम में हाल ही सम्पन्न हुए नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में समाज के निर्वाचित हुए 10 जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया गया।
जिसमें जिला परिषद सदस्य प्रतिभा नागदा, राजसमन्द के भाटोली से सरपंच रमेशचन्द्र देराश्री सहित नगर निगम पार्षद, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच व उपसरपंच को सम्मानित किया गया।
इसी के साथ 21 सहयोगकर्ताओं, दो भामाशाहों का भी सम्मान किया गया।स्मारिका का हुआ विमोचन कार्यक्रम में ब्राह्मण बड़ा नागदा समाज कल्याण संस्थान द्वारा अब तक संपादित की गई विभिन्न गतिविधियों की जानकारियों व विस्तृत रूपरेखा पर आधारित स्मारिक का विमोचन भी मंचासीन अतिथियों द्वारा किया गया।
इसके अलावा कार्यक्रम में सदस्यता हेतु संशोधन प्रस्ताव, वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंकेक्षित विवरणों की प्रस्तुति, संस्थान के पदाधिकारियों के निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा आदि पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में साहित्यकार, लेखक माधव नागदा ने पधारे हुए समाज के सभी आगंतुकों, मंचासीन अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
