उदयपुर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत पंचायत समिति गिर्वा के अंर्तगत ग्राम पंचायत नया खेड़ा में मंगलवार को आयोजित सेवा सेतु कैंप का ग्रामीण विद्युतीकरण आयोग, भारत सरकार के अध्यक्ष श्री जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने शिविर में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली और ग्रामीणों से संवाद किया।शिविर के दौरान उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना को लेकर ग्रामीणों से विस्तार से चर्चा की।
ग्रामीणों ने सोलर कनेक्शन से होने वाले लाभ और अपने अनुभव भी साझा किए।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को सौर ऊर्जा के उपयोग, योजना के लाभ तथा घरों पर सोलर संयंत्र स्थापित करने से संबंधित जानकारी दी।शिविर में पीएम सूर्य घर योजना के तहत जिन ग्रामीणों के घरों में पूर्व में सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इंडक्शन कुकटॉप वितरित किए गए।
इस दौरान ग्रामीणों ने योजना को लेकर अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं, जिनका अधिकारियों ने समाधान किया।इस दौरान एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्रीमती ईशा दुहन, एस. जयंती, अजमेर डिस्कॉम के टेक्निकल डायरेक्टर मुकेश बाल्दी, मुख्य अभियंता श्री अशोक कुमार, इंद्राज मीणा तथा अधीक्षण अभियंता के.आर. मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
