उदयपुर। डूंगला के आगे पीराना गाँव, उदयपुर से करीब 90 किलोमीटर दूर, से उदयपुर एनिमल प्रोटेक्शन सोसायटी को एक छोटे घायल नंदी महाराज की सूचना मिली। एक्सीडेंट में उनका एक पैर टूट गया था।
सूचना मिलते ही संस्था की टीम के कैलाश भोई और मांगीलाल भोई मौके पर पहुँचे और घायल नंदी महाराज को उपचार के लिए उदयपुर लाने की व्यवस्था की।
मौके पर टीम ने एक बेहद भावुक दृश्य देखा। एक अन्य छोटे नंदी महाराज घायल नंदी महाराज के पास बैठे थे और उन्हें छोड़ने को तैयार नहीं थे। जब घायल नंदी महाराज को लोडिंग ऑटो में उदयपुर लाया जाने लगा, तो दूसरे नंदी महाराज भी उनके पीछे-पीछे हाईवे तक दौड़ते हुए आए।
अपने साथी के लिए नंदी महाराज का यह प्रेम और अपनापन देखकर टीम भावुक हो गई। आखिरकार, संस्था की टीम ने दूसरे नंदी महाराज को भी अपने साथ उदयपुर लाने का फैसला किया।
इस भावुक घटना पर उदयपुर एनिमल प्रोटेक्शन सोसायटी की डॉ. माला मट्ठा ने कहा, “भगवान शिव के वाहन नंदी महाराज से हमें प्यार, दोस्ती और अपने साथी का साथ कभी न छोड़ने की सीख लेनी चाहिए। जिन्हें हम बेजुबान कहते हैं, आज उन्होंने इंसानों को रिश्ते निभाने का अनमोल सबक दिया है।”
