मुख्य सामग्री पर जाएँ
मंगलवार, 22 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Health Plus

11वें आयुर्वेद दिवस पर उदयपुर में होगा भव्य आयोजन

आयुर्वेद विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वालों एवं विभागीय गतिविधियों में सहयोग करने वाले भामाशाहों का होगा सम्मान

WAf𝕏TGin🖨
11वें आयुर्वेद दिवस पर उदयपुर में होगा भव्य आयोजन

उदयपुर। 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर राजस्थान आयुर्वेद विभाग की ओर से बुधवार को उदयपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 11:15 बजे आलोक स्कूल, सेक्टर-11, जैन मंदिर के सामने स्थित सभागार में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर विभाग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. शोभालाल औदीच्य ने बताया कि आयोजन में शहर के गणमान्य जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक एवं आमजन के साथ आयुर्वेद विभाग के चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंगकर्मी, कंपाउंडर, परिचारक एवं अन्य कर्मचारी शामिल होंगे। कार्यक्रम के माध्यम से आयुर्वेद के महत्व, उपयोगिता तथा स्वस्थ जीवनशैली में इसकी भूमिका के बारे में आमजन को जागरूक किया जाएगा।

भामाशाहों को किया जाएगा सम्मानित उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ राजीव भट्ट ने बताया कि आयुर्वेद विभाग के विभिन्न जनहितकारी कार्यों एवं गतिविधियों में सहयोग करने वाले भामाशाहों और सहयोगकर्ताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। विभाग को आर्थिक एवं अन्य संसाधनों के माध्यम से सहयोग प्रदान करने वाले भामाशाहों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मान प्रदान किया जाएगा।

आयुर्वेद की उपयोगिता पर होगी चर्चा सहायक निदेशक भानुकुमार जैन ने बताया कि आयुर्वेद दिवस के आयोजन का उद्देश्य आयुर्वेद की प्राचीन चिकित्सा परंपरा एवं वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता को आमजन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में स्वस्थ जीवनशैली, उचित आहार-विहार, दैनिक दिनचर्या तथा स्वास्थ्य संरक्षण में आयुर्वेद की भूमिका से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य की रक्षा और निरोगी जीवनशैली को बढ़ावा देने की व्यापक अवधारणा पर आधारित है। बदलती जीवनशैली के दौर में आयुर्वेद के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाने से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सकता है।

विभागीय कार्मिकों की रहेगी सहभागिता कार्यक्रम में आयुर्वेद विभाग के विभिन्न स्तरों पर कार्यरत कार्मिकों की भी सक्रिय सहभागिता रहेगी। चिकित्सा अधिकारियों के साथ नर्सिंगकर्मी, कंपाउंडर, परिचारक एवं अन्य कर्मचारी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इस दौरान विभाग द्वारा जनस्वास्थ्य एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को भी सामने रखा जाएगा।

आयोजकों ने उदयपुर शहर के जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों, भामाशाहों, आयुर्वेद विभाग से जुड़े कार्मिकों एवं आमजन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर 11वें आयुर्वेद दिवस के आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।