उदयपुर। नगर निगम के महापौर पद के लिए सोमवार को हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी पारस सिंघवी ने 55 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. पूनम कुंवर राठौड़ को 25 वोट मिले। 80 सदस्यीय नगर निगम में महापौर चुनाव के लिए बहुमत का आंकड़ा 41 था। सिंघवी ने 14 वोट के अंतर से बहुमत का आंकड़ा पार किया और 30 वोट के अंतर से चुनाव जीता।
नगर निगम के चुनाव में भाजपा के 53, कांग्रेस के 23, तीन निर्दलीय और एक माकपा पार्षद निर्वाचित हुए थे। महापौर चुनाव में भाजपा के 53 पार्षदों के अलावा दो निर्दलीय पार्षदों ने भी सिंघवी के पक्ष में मतदान किया, जिससे उन्हें कुल 55 वोट मिले।
मतदान के लिए भाजपा और कांग्रेस के पार्षद अलग-अलग समूहों में नगर निगम पहुंचे। मतदान के बाद मतगणना शुरू हुई और दोपहर से पहले ही परिणाम घोषित कर दिया गया। निर्वाचन अधिकारी ने पारस सिंघवी को निर्वाचित घोषित करते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किया और पद की शपथ दिलाई।
मतदान के दौरान सांसद मन्नालाल रावत, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, शहर विधायक ताराचंद जैन और भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ सहित पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे।
जीत के बाद पारस सिंघवी ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ नारे लगाए और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने इसे पार्टी कार्यकर्ताओं की जीत बताया। दूसरी ओर, भाजपा के संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा ने कहा कि उपमहापौर पद के लिए मंगलवार को पार्षदों की राय के आधार पर नाम तय किया जाएगा।
नगर निगम में उपमहापौर पद के लिए मंगलवार को नामांकन और मतदान की प्रक्रिया होगी। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार नामांकन के बाद जरूरत पड़ने पर मतदान कराया जाएगा और इसके बाद मतगणना होगी।
