उदयपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत देहात कांग्रेस कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं के सत्यापन, वोट रक्षकों की नियुक्ति, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और आगामी 26 नवंबर को जयपुर में आयोजित होने वाले संविधान रक्षा मार्च की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने बताया कि कांग्रेस द्वारा देशभर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बूथ स्तर पर वोट रक्षक नियुक्त किए जाएंगे, जो संबंधित क्षेत्र की मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 नवंबर 2026 तक जिला कांग्रेस कमेटियों की बैठकें आयोजित कर वोट रक्षकों की नियुक्ति एवं जमीनी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण किया जाना है। 22 से 30 नवंबर तक बूथ स्तर पर हटाए गए मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इस कार्य की प्रतिदिन निगरानी मंडल अध्यक्षों द्वारा की जाएगी। सत्यापन के निष्कर्षों के आधार पर ग्राम स्तर पर ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ चौपालों का आयोजन भी किया जाएगा, जिनमें हटाए गए मतदाताओं, बुजुर्गों और पंचायत प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
मीणा ने कहा कि 26 नवंबर 2026 को जयपुर में आयोजित होने वाला ‘संविधान रक्षा मार्च’ अभियान का प्रमुख कार्यक्रम होगा। इसमें उदयपुर जिले से अधिकाधिक संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ एवं ग्राम स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में वोट रक्षकों की नियुक्ति, प्रशिक्षण एवं सत्यापन प्रक्रिया के लिए www.iamvoterakshak.in पोर्टल के उपयोग पर भी चर्चा की गई। साथ ही अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट, फोटोग्राफ एवं समाचार पत्रों की कतरनों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी तथा कांग्रेस कनेक्ट सेंटर के पोर्टल पर भेजने के निर्देशों की जानकारी दी गई।
बैठक में देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा, पूर्व उप जिला प्रमुख लक्ष्मीनारायण पांडे, पीसीसी सदस्य दरिया सिंह चुंडावत, कल्याण सिंह राव, मोड़ सिंह सिसोदिया, मधु सालवी, रतनलाल पुरबिया, जमनालाल शर्मा, डॉ. कौशल नागदा, महेश त्रिपाठी, राजेंद्र कुमार गोखरू, महेंद्र डामोर, कमलेश पटेल, नीना अग्रवाल, दीपक जैन, पंकज सुखवाल, गणेश मेघवाल, लक्ष्मीलाल सोनी, गोपाल सरपत, प्रवीण सालवी, ओमप्रकाश कमेटी, विकास मीणा, मोहम्मद खान, शिवलाल गुर्जर, ज्ञानप्रकाश सेन, पारस चौहान, बंसल नटवाल, राजेश बनेरिया, लक्ष्मीनारायण मेघवाल, ओमप्रकाश डांगी, कमलेश नागदा, महेंद्र सिंह राणावत, शंकरलाल मीणा, सुनील शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
