मुख्य सामग्री पर जाएँ
गुरुवार, 19 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Headlines

लघु पत्रिकाएं स्वाधीनता , समानता और बंधुता की पैरोकार : डॉ. जीवन सिंह

उदयपुर, “लघु पत्रिकाएं स्वाधीनता , समानता और बंधुता की पैरोकार होती हैं | वे सामूहिक मुक्ति की कामना के साथ प्रकाशित होती रही हैं | इन पत्रिकाओं में जन पक्षधरता दिखाई देती है | लघु पत्रिकाएं शासन या पूँजी पर आश्रित नहीं

WAf𝕏TGin✉🖨
लघु पत्रिकाएं स्वाधीनता , समानता और बंधुता की पैरोकार : डॉ. जीवन सिंह
1 / 4


उदयपुर, “लघु पत्रिकाएं स्वाधीनता , समानता और बंधुता की पैरोकार होती हैं | वे सामूहिक मुक्ति की कामना के  साथ प्रकाशित होती रही हैं | इन पत्रिकाओं में जन पक्षधरता दिखाई देती है | लघु पत्रिकाएं शासन या पूँजी पर आश्रित नहीं होती बल्कि जन सहयोग से संचालित होती है | इसलिए  ही वे उस आज़ादी को बचने की बात करती हैं जिसका शासक वर्ग अपहरण करना चाहता है |

 राजस्थान में प्रकाश जैन द्वारा अजमेर से प्रकाशित पत्रिका लहर के साथ साथ उदयपुर से प्रकाशित बिंदु, वातायन , ओर , कृति आदि ऐसी लघु पत्रिकाएं थी जिनकी अपनी एक राजनैतिक दृष्टि थी जो वास्तविक लोकतंत्र को ज़मीन पर उतारने की चाह रखती थी |” उक्त विचार प्रसिद्ध आलोचक , कवि और रंगकर्मी डॉ जीवन सिंह ने राजस्थान साहित्य अकादमी में 17 नवम्बर को “ लघु पत्रिकाओं का संघर्ष एवं अवदान” विषय पर आयोजित साहित्य संगोष्ठी के मुख्य वक्ता के रूप में व्यक्त किये |

 कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रो हेमेन्द्र चण्डालिया ने कहा कि लघु पत्रिका आन्दोलन पश्चिम में “ लिटिल मैगज़ीन” आन्दोलन के रूप में विकसित हुआ जो प्रयोगवाद, यथास्थिति विरोध और भविष्य उन्मुख दर्शन पर आधारित था | उन्होंने पश्चिम की अनेक लघुपत्रिकाओं के नाम लेकर बताया कि फ्रांस, जर्मनी , इंग्लैंड और अमेरिका में विकसित इस आन्दोलन को भारत में भारतेंदु काल से ही विकसित होने का मौका मिला और स्वतंत्रता आन्दोलन, आज़ाद भारत के प्रारंभिक वर्ष और वर्त्तमान समय में भी इस आन्दोलन ने जन पक्ष को प्रखरता से सामने रखा | उन्होंने उदयपुर से प्रकाशित, चिंगारी , इतिहास के सबक , महावीर समता सन्देश, सिंहनाद , विकल्प आदि पत्रिकाओं का उल्लेख किया | 

मोहन लाल सुखाडिया विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष डॉ कुंजन आचार्य ने कहा कि लघु पत्रिकाओं ने साहित्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है जिनके माध्यम से कई नामचीन साहित्यकार विकसित हुए | अजमेर से आये अतिथि डॉ. अनंत भटनागर ने प्रकाश जैन के संपादन में प्रकाशित “ लहर” के महत्त्व पर चर्चा करते हुए कहा कि उस काल में देश के अधिकांश नामचीन साहित्यकार लहर में प्रकाशित होते थे | उद्घाटन सत्र कि अध्यक्षता विद्याभवन सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष व् शिक्षाविद अजय मेहता ने की |

 राजस्थान साहित्य अकादमी के सचिव डॉ. बसंत सिंह सोलंकी ने अतिथियों का स्वागत किया और डॉ. सर्वत खान ने उद्घाटन सत्र का सञ्चालन किया | द्वितीय सत्र की अध्यक्षता राजनीतिक विज्ञान के प्रोफेसर डॉ अरुण चतुर्वेदी ने की | इस अत्र में डॉ मंजू चतुर्वेदी ने बिंदु पत्रिका के प्रकाशन से जुड़े संस्मरण सुनाये और बताया कि किस प्रकार नन्द चतुर्वेदी ने अपने परिश्रम और समर्पण से उसे ऊँचाइयाँ प्रदान की | डॉ. नरेन्द्र निर्मल ने कमर मेवाड़ी द्वारा सम्पादित पत्रिका संबोधन के पचास वर्षों के संघर्ष का उल्लेख किया वहीँ डॉ अनंत भटनागर ने कहा कि प्रकाश जैन और मनमोहिनी जी के प्रेम का प्रसाद थी लहर. यस सत्र का संचालन डॉ. नरेन्द्र निर्मल ने लिया | 

तीसरे सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ कवी डॉ सदाशिव श्रोत्रिय ने की | प्रकाश जैन की कविता पर केन्द्रित इस सत्र में डॉ. विनीता बाडमेर ने उनकी कविताओं का पाठ किया | इस सत्र में डॉ. जीवन सिंह ने कहा कि यदि प्रकाश जैन लहर के प्रकाशन में अपनी सम्पूर्ण ऊर्जा नहीं लगा देते तो उनको अपनी कविता को और अधिक समृद्ध करने का अवसर मिल पाता | 

वरिष्ठ पत्रकार महावीर समता सन्देश के प्रधान संपादक हिम्मत सेठ ने कहा कि दलाल पत्रकारिता के दौर में लघु पत्रिकाएं और यू तुबे चैनल ही जनता कि आवाज़ हैं | इस सत्र का समाहार करते हुए डॉ अनंत भटनागर ने अजमेर, जयपुर और उदयपुर में श्री प्रकाश जैन जन्म शताब्दी आयोजनों की संक्षिप्त जानकारी दी | इस सत्र का सञ्चालन कवि, व्यंग्यकार  और पत्रकार डॉ हेमेन्द्र चण्डालिया ने किया | डॉ बसंत सिंह सोलंकी ने सभी का आभार व्यक्त किया |