जलवायु समाधान में जीवनशैली परिवर्तन पर देंगे जोर, विद्या भवन की पर्यावरण परंपराओं का भी करेंगे उल्लेख पर्यावरण संरक्षण गतिविधि की ‘हरित भारत’ टीम के सदस्य के रूप में 30 सदस्यीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल में सहभागिता उदयपुर, विद्या भवन पॉलिटेक्निक, उदयपुर के प्राचार्य एवं प्रसिद्ध पर्यावरणविद् डॉ. अनिल मेहता संयुक्त राष्ट्र के 31वें विश्व जलवायु सम्मेलन (कोप -31) में सहभागिता के लिए शनिवार को तुर्की के अंताल्या रवाना हुए।
डॉ. मेहता 20 नवंबर तक सम्मेलन में भाग लेंगे। वे ग्लोबल वाटर पार्टनरशिप (GWP India) के संयुक्त सचिव तथा भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की विशेषज्ञ मूल्यांकन समिति (इंडस्ट्री -2) के सदस्य हैं।
डॉ. मेहता पर्यावरण संरक्षण गतिविधि (पी एस जी ) की ‘हरित भारत’ टीम के प्रमुख सदस्यों में शामिल हैं। भारत सरकार की अनुशंसा पर संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क कन्वेंशन ( यू एन एफ सी सी ) द्वारा उन्हें सम्मेलन में सहभागिता के लिए पार्टी ओवरफ्लो बेज प्रदान किया गया है। यहां पार्टी से आशय यू एन एफ सी सी के सदस्य देश भारत से है।
पर्यावरण संरक्षण गतिविधि की ‘हरित भारत’ टीम कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज (कोप -31) में भारतीय पर्यावरणीय मूल्यों, स्वदेशी परंपराओं और प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व पर आधारित जीवनशैली को वैश्विक जलवायु विमर्श से जोड़ने का प्रयास करेगी। टीम का उद्देश्य यह रेखांकित करना है कि जलवायु परिवर्तन का समाधान केवल नई तकनीकों, वैकल्पिक ऊर्जा और वित्तीय संसाधनों तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि इसके लिए मानव के विचार, व्यवहार, उत्पादन और उपभोग की पद्धतियों में भी परिवर्तन आवश्यक है।
इस संदर्भ में ‘'हरित( HARIT) ’ अर्थात "हॉलिस्टिक एक्शन फॉर रीवाइटलिजेशन ऑफ इंडीजिनस ट्रेडिशन्स " की अवधारणा महत्वपूर्ण है।
यह दृष्टिकोण भारतीय ज्ञान परंपरा में निहित प्रकृति के प्रति श्रद्धा, संयम, सदुपयोग, सेवा और सह-अस्तित्व के मूल्यों को पुनः स्थापित करने पर बल देता है।
इसका मूल संदेश है कि प्रकृति से केवल उतना ही ग्रहण किया जाए जितनी आवश्यकता हो और प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग भावी पीढ़ियों तथा समस्त जीव-जगत के हित को ध्यान में रखकर किया जाए।
अंताल्या में 9 से 20 नवंबर तक आयोजित कोप -31 का प्रमुख उद्देश्य पेरिस समझौते के अंतर्गत की गई जलवायु प्रतिबद्धताओं को प्रभावी क्रियान्वयन में बदलना तथा वैश्विक जलवायु कार्रवाई को गति देना है। सम्मेलन में स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण, शून्य अपशिष्ट एवं चक्रीय अर्थव्यवस्था, जलवायु अनुकूल शहरों का विकास, खाद्य एवं जल सुरक्षा, जलवायु वित्त, जैव विविधता संरक्षण, समुद्री एवं स्थलीय पारिस्थितिकी तंत्र का पुनर्स्थापन तथा युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर विशेष चर्चा हो रही है।
डॉ. मेहता के अनुसार, इन सभी प्राथमिकताओं को भारतीय ‘हरित’ दृष्टिकोण से जोड़ने की आवश्यकता है। विकास का मूल्यांकन केवल आर्थिक वृद्धि ( इकोनॉमिक ग्रोथ ) से नहीं, बल्कि पारिस्थितिकीय विकास (इकोलॉजिक ग्रोथ ) से भी होना चाहिए। इसी प्रकार, केवल सर्कुलर इकोनॉमी नहीं, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों के जैविक चक्रों और पारिस्थितिक संतुलन को पुनर्स्थापित करने वाली सर्कुलर इकोलॉजी को भी विकास का आधार बनाना होगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय दर्शन में पृथ्वी को केवल एक संसाधन या ग्रह (प्लेनेट ) नहीं, बल्कि माता के रूप में देखा गया है—‘माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः’। पंचमहाभूतों—पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश—का संतुलन ही प्रकृति के संतुलन का आधार है। जलवायु परिवर्तन के समाधान के लिए इसी प्रकृति-केंद्रित दृष्टिकोण को वैश्विक नीतियों और जनजीवन में स्थान देना आवश्यक है।
डॉ. मेहता का मानना है कि कोप -31 का विमर्श केवल जलवायु अनुकूलन और उत्सर्जन न्यूनीकरण तक सीमित न रहकर ‘ क्लाइमेट पीस, ' जलवायु शांति अर्थात मानव और प्रकृति के बीच संतुलन एवं सामंजस्य स्थापित करने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। इसके लिए जल, वन, झीलें , जैव विविधता और स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण को जलवायु कार्रवाई का अभिन्न अंग बनाना होगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जीवन परंपराओं में निहित संयमित उपभोग, प्रकृति सेवा, सामुदायिक सहभागिता और पर्यावरण अनुकूल आचार-विचार को पुनर्जीवित करना आज वैश्विक आवश्यकता है। ‘हरित भारत’ का यही संदेश अंतरराष्ट्रीय जलवायु समुदाय के समक्ष प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा।
